हनुमानगढ़ टाउन में स्वर्णकार सभा समिति एवं मराठा मंडल के संयुक्त तत्वावधान में इस वर्ष 35 वां श्री गणेश महोत्सव बड़े ही श्रद्धा और उत्साह के साथ सोनी मार्केट में मनाया जा रहा है। हर वर्ष की तरह इस बार भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस धार्मिक आयोजन में भाग ले रहे हैं।
महोत्सव के तहत प्रतिदिन प्रातः एवं सायं आरती के साथ विशेष पूजा-अर्चना की जा रही है। गत रात्रि की आरती का आयोजन जितेंद्र मराठा, महेंद्र मराठा एवं रामविलास मराठा परिवार द्वारा व आज चौथे दिन की सुबह की पूजा-अर्चना बालू मराठा व प्रताप मराठा परिवार द्वारा संपन्न करवाई गई। इस अवसर पर पंडित राकेश पांडे और मुकेश पांडे ने विधि-विधानपूर्वक मंत्रोच्चारण के साथ गणपति बप्पा की पूजा करवाई। पूजा एवं आरती में मराठा परिवार, स्वर्णकार सभा समिति, मराठा मंडल सहित अनेक श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। समिति अध्यक्ष मुरलीधर सोनी ने बताया कि महोत्सव के दौरान रोजाना भक्ति माहौल में विशेष आरती व पूजा हो रही है। श्रद्धालुओं से आग्रह किया गया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर गणेश भक्ति का लाभ उठाएं। धार्मिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में 3 सितम्बर को विशाल जागरण का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सुप्रसिद्ध भजन गायक कलाकार भक्तिमय प्रस्तुति देंगे। वहीं समापन दिवस 5 सितम्बर शुक्रवार को निर्धारित है। इस दिन भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो नगर के विभिन्न मार्गों से होती हुई गंगानगर रोड स्थित नहर तक पहुंचेगी। यहां विधिविधानपूर्वक गणपति बप्पा को विदाई दी जाएगी। पूरे आयोजन में श्रद्धालुओं की आस्था और भक्ति ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया है। गणेश महोत्सव की भव्यता नगर में धार्मिक और सांस्कृतिक उत्सव का अद्भुत संगम प्रस्तुत कर रही है।
ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































