प्रगतिशील किसान ओमप्रकाश खालिया जिलास्तरीय सम्मान से हुए गौरवान्वित
हनुमानगढ़ के निकट श्री खुशाल दास यूनिवर्सिटी,एमएसएमई एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित पंचगौरव कृषि मेला 2026 का समापन समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर कृषि विभाग की आत्मा योजना (कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंधन संस्थान) के अंतर्गत कृषि एवं कृषि से संबद्ध क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रगतिशील किसानों को प्रोत्साहित करने हेतु सम्मानित किया गया।
समारोह में कृषि विभाग आत्मा योजना के उपनिदेशक सुभाष चंद डूडी ने जानकारी देते हुए बताया कि पंचायत समिति हनुमानगढ़ की ग्राम पंचायत 22 एनडीआर निवासी ओमप्रकाश खालिया ने जिले में कृषि क्षेत्र में नवाचारी एवं अनुकरणीय कार्य कर प्रथम स्थान प्राप्त किया है। समन्वित कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, डेयरी, जैविक खेती एवं नवाचार आधारित खेती के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए राज्य सरकार द्वारा उन्हें 25,000 रुपये नकद पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह में जिला कलेक्टर डॉ खुशाल यादव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद बिश्नोई, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू, डॉ उमेश श्रीवास्तव, डॉ आर एल सपरा, कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी व कृषि विशेषज्ञ उपस्थित रहे। अतिथियों ने ओमप्रकाश खालिया को सम्मानित करते हुए उनके प्रयासों की सराहना की और कहा कि ऐसे प्रगतिशील किसान अन्य कृषकों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। कार्यक्रम के अंत में किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने तथा आत्मा योजना से जुड़कर लाभ उठाने का आह्वान किया गया।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































