अखंड पाठ साहिब का भव्य समापन, श्रद्धालुओं ने की सुख-समृद्धि की अरदास

161

हनुमानगढ़ टाउन। स्थानीय गुरुद्वारा शहीद बाबा सुखा सिंह एवं शहीद बाबा महताब सिंह में अमावस्या के पावन अवसर पर श्रद्धा, भक्ति और सेवा भाव से सराबोर वातावरण में अखंड पाठ साहिब के भोग डाले गए। इस धार्मिक आयोजन में क्षेत्र भर से भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और इलाके की सुख-शांति, समृद्धि एवं खुशहाली के लिए अरदास की। सुबह से ही गुरुद्वारा साहिब में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। संगत ने अमृत सरोवर में डूबकी लगाकर अमृत स्नान किया व गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष मत्था टेककर अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति हेतु विनम्रता से अरदास की। पूरे परिसर का वातावरण रागी जत्थों द्वारा प्रस्तुत सृजनात्मक गुरबाणी कीर्तन से भक्तिरस में सराबोर हो गया। संगत ने एकाग्रचित्त होकर कीर्तन का रसास्वादन किया और आत्मिक शांति का अनुभव किया।

धार्मिक समागम में उपस्थित बाबा जग्गा सिंह और बाबा जोगा सिंह ने संगत को गुरु घर की सेवा, संगत की महत्ता और गुरमत सिद्धांतों के पालन की प्रेरणा दी। उन्होंने बताया कि यह पवित्र गुरुद्वारा शिरोमणि अकाली दल 96 करोड़ी, बूढ़ा दल के मुख्य सेवादार बाबा बलबीर सिंह की अगुवाई में पूरी श्रद्धा और निष्ठा से संचालित हो रहा है। यहां प्रत्येक माह अमावस्या पर विशेष कीर्तन, पाठ और अरदास का आयोजन किया जाता है, जिसमें क्षेत्र की संगत उत्साहपूर्वक भाग लेती है। इस अवसर पर उन्होंने यह भी घोषणा की कि प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी 9 सितम्बर 2025 को शहीदी जोड़ मेले का आयोजन भव्य रूप में किया जाएगा। इस मेले की तैयारियों के तहत लड़ीवार अखंड पाठों की इक्कोतरी 21 जुलाई 2025 से प्रारंभ की जा रही है। जो भी श्रद्धालु पाठ की सेवा लेना चाहें, वे गुरुद्वारा साहिब में आकर समय पर बुकिंग करवा सकते हैं। सेवादारों द्वारा साध-संगत के लिए ठंडे मीठे जल की छबील भी लगाई गई, जिससे भीषण गर्मी में राहगीरों और श्रद्धालुओं को राहत मिली। धार्मिक कार्यक्रम के पश्चात गुरु का विशाल लंगर आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर गुरु घर की सेवा और कृपा का अनुभव किया।

ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।