हनुमानगढ़ टाउन में गुरु रविदास जयंती पर प्रभात फेरी का भव्य समापन

84
पांच दिवसीय आयोजन से नगर में बना आध्यात्मिक व सामाजिक समरसता का वातावरण
हनुमानगढ़ टाउन में गुरु रविदास सेवा समिति की ओर से संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 649वीं जयंती के अवसर पर आयोजित की जा रही पांच दिवसीय प्रभात फेरी का रविवार को सम्मानपूर्वक समापन किया गया। इस अवसर पर प्रभात फेरी में शामिल श्रद्धालुओं का जगह-जगह पुष्प वर्षा, रंगोली, चाय-नाश्ते के माध्यम से स्वागत किया गया। पूरे आयोजन के दौरान नगर में भक्ति, श्रद्धा और सामाजिक सौहार्द का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। गुरु रविदास सेवा समिति के प्रतिनिधि गोविंद्र रेगर ने बताया कि गुरु रविदास जी की जयंती के उपलक्ष्य में बीते पांच दिनों से प्रतिदिन सुबह 4 बजे प्रभात फेरी निकाली जा रही थी, जिसका आज विधिवत समापन हुआ। प्रभात फेरी गंगा मईया रेगर मोहल्ला से प्रारंभ होकर बाजार मार्ग से होते हुए लोहिया कॉलोनी, अंबेडकर कॉलोनी, भभूता सिद्ध कॉलोनी सहित विभिन्न क्षेत्रों से गुजरते हुए किरयाना भवन के पास स्थित रेगर धर्मशाला में संपन्न हुई। प्रभात फेरी के दौरान गुरु रविदास जी के चित्र को भव्य रूप से सुसज्जित रथ में विराजमान किया गया। श्रद्धालु गुरु रविदास जी के भजनों पर नाचते-गाते हुए पूरे नगर में भ्रमण करते रहे, जिससे वातावरण पूरी तरह आध्यात्मिक और भक्तिमय बन गया। नगरवासियों ने भी प्रभात फेरी का उत्साहपूर्वक स्वागत कर आयोजन को सफल बनाया। समिति की ओर से जानकारी दी गई कि सोमवार को गुरु रविदास जी की जयंती के अवसर पर रेगर धर्मशाला में विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी। इसके पश्चात गुरु महाराज की आरती होगी और प्रसाद वितरण किया जाएगा। साथ ही श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन भी किया जाएगा। इस आयोजन को सफल बनाने के लिए गुरु रविदास सेवा समिति के सभी सदस्य सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं। समिति के सदस्यों ने कहा कि गुरु रविदास जी का संदेश सामाजिक समरसता, समानता और भाईचारे पर आधारित है। उन्होंने अपने जीवन में जातिवाद और भेदभाव का विरोध करते हुए प्रेम, करुणा और मानवता का मार्ग दिखाया। उनकी शिक्षाएं आज भी समाज के लिए उतनी ही प्रासंगिक हैं और हमें उनके बताए मार्ग पर चलकर समाज को मजबूत बनाना चाहिए। इस अवसर पर समिति अध्यक्ष सुशील रेगर,उपाध्यक्ष रोशन रेगर,सचिव बंटी रेगर, कोषाध्यक्ष कर्ण रेगर आत्मा राम रेगर,सदस्य पुरखा राम,हरीश रेगर, रोहतास रेगर कुलदीप रेगर मनोहर रेगर डॉ विजय रेगर गोविंद रेगर सचिन रेगर सतीश रेगर ,पवन,राहुल,हेमंत,कृष्ण, नीरज,हरीश, केशव,कानाराम,प्रकाश, नरेश कमलसहित अनेक सदस्य, नगर के गणमान्य नागरिक, समाजसेवी एवं विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। हनुमानगढ़ टाउन में इस प्रकार के आयोजनों से सामाजिक सौहार्द, एकता और भाईचारे को नई मजबूती मिल रही है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।