हनुमानगढ़ टाउन के सेक्टर नंबर 3 स्थित प्रसिद्ध पंचमुखी बालाजी मंदिर में आयोजित साप्ताहिक श्रीमद् भागवत कथा का आज धार्मिक एवं भव्य वातावरण में समापन हुआ। कथा के अंतिम दिन विशाल हवनयज्ञ का आयोजन किया गया, जिसमें शास्त्रियों द्वारा विधिवत वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ पूजा-अर्चना संपन्न करवाई गई। हवनयज्ञ में पूर्णाहुति के साथ कथा का विधिवत समापन किया गया, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल से सराबोर हो गया। इस पावन अवसर पर हवनयज्ञ के मुख्य यजमान शंकर लाल गुप्ता, सज्जन चमड़िया, अशोक अग्रवाल, बलदेव कृष्ण कानसारिया, श्रीनिवास मित्तल, रतन मित्तल,मनोहर लाल कोचर,पुरूषोतम शर्मा,शुभम कानसरीया,अरूण अग्रवाल एवं ललित जैन ने अपने-अपने परिवार सहित पूर्णाहुति अर्पित की। शास्त्रियों ने विधि-विधान के अनुसार हवन संपन्न करवाते हुए धर्म, भक्ति और सदाचार का संदेश दिया। हवन के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण एवं बालाजी महाराज के जयकारे लगाए, जिससे वातावरण भक्तिरस में डूब गया। मंदिर समिति के अध्यक्ष शंकर गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि साप्ताहिक श्रीमद् भागवत कथा के समापन अवसर पर विशाल भंडारे का आयोजन भी किया गया। भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद स्वरूप भोजन ग्रहण किया। उन्होंने बताया कि यह धार्मिक आयोजन वार्डवासियों के सामूहिक जन सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, जिसमें सभी ने तन, मन और धन से सहयोग प्रदान किया। अध्यक्ष गुप्ता ने कहा कि श्रीमद् भागवत कथा से समाज में धर्म, संस्कार और आपसी भाईचारे की भावना को मजबूती मिलती है। उन्होंने कथा श्रवण करने वाले समस्त श्रद्धालुओं, आयोजन में सहयोग देने वाले वार्डवासियों तथा मंदिर समिति के सदस्यों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला और सभी ने भविष्य में भी ऐसे धार्मिक आयोजनों को निरंतर जारी रखने की कामना की।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































