श्री नवदुर्गा युवा सेवा समिति द्वारा होलीका महोत्सव का भव्य आयोजन

39

हनुमानगढ़। श्री नवदुर्गा युवा सेवा समिति द्वारा होलिका महोत्सव का भव्य आयोजन जंक्शन धानमंडी स्थित श्री नवदुर्गा मंदिर में धूमधाम से संपन्न हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और उत्साहपूर्वक होली महोत्सव में भाग लिया।
कार्यक्रम के मुख्य यजमान अमन सहु ने अपने परिवार सहित पंडित शिवभगवान के सानिध्य में विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। शुभ मुहूर्त के अनुसार होलिका दहन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने अग्नि को नारियल, गेहूं की बालियां और पूजन सामग्री अर्पित कर सुख-शांति की प्रार्थना की।
रात्रि में राधा-कृष्ण संग होली महोत्सव का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने भक्ति और उल्लास से भाग लिया। सिरसा से आए विशेष कलाकारों ने मनमोहक झांकियां प्रस्तुत कीं, जो श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रहीं। इन झांकियों ने भगवान श्रीकृष्ण के विभिन्न रूपों को जीवंत कर दिया।
महिलाओं ने राधा-कृष्ण संग फूलों की होली खेली, जिससे वातावरण भक्तिमय हो गया। फूलों की होली ने समस्त श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक आनंद से सराबोर कर दिया। श्रद्धालु राधे-राधे और श्याम पिया मोरी रंग दे चुनरिया जैसे भजनों पर झूम उठे।
इस आयोजन में प्यारेलाल बंसल, पवन गर्ग, अशोक मोंगा, राजेश गर्ग, मनोज गर्ग, राजेश हैप्पा, विकास मित्तल, सुमंत गर्ग, सुरेश निनानिया, जगदीश लखोटिया, राजू गर्ग और जोनी सिंगला सहित अनेक व्यापारीगण और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
समिति सदस्यों ने बताया कि हर वर्ष इसी तरह भव्य रूप से होलिका महोत्सव का आयोजन किया जाता है, ताकि समाज में प्रेम, भाईचारे और धार्मिक आस्था को बढ़ावा दिया जा सके। उन्होंने श्रद्धालुओं से आह्वान किया कि होली के इस पर्व को हम सभी मिलकर प्रेम, सौहार्द और एकता के रंगों से सराबोर करें।
कार्यक्रम का समापन अखंड भजन-कीर्तन और प्रसाद वितरण के साथ हुआ। आयोजकों ने इसे सफल बनाने के लिए सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी ऐसे आयोजन करने की प्रतिबद्धता जताई।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।