महाराजा अग्रसेन जयंती पर अग्रवाल समाज की भव्य शोभायात्रा

167

– विधायक गणेश राज बंसल ने दिखाई हरी झंडी, पुष्पांजलि व आतिशबाजी से हुआ समापन
हनुमानगढ़। 
महाराजा अग्रसेन जयंती के अवसर पर सोमवार को जंक्शन अग्रवाल समाज समिति द्वारा भव्य वाहन रैली एवं शोभायात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत महाराजा अग्रसेन भवन से हुई, जहां अग्रवाल समाज के सैकड़ों लोग पारंपरिक उत्साह और श्रद्धा के साथ उपस्थित थे। रैली को विधायक गणेश राज बंसल, अग्रवाल समाज समिति अध्यक्ष सुभाष बंसल, युवा उपसमिति अध्यक्ष रूपेश गर्ग, महिला उपसमिति अध्यक्ष मिताली अग्रवाल ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली में सबसे आगे विधायक गणेश राज बंसल अग्रवाल समाज के पदाधिकारियों व गणमान्य नागरिकों के साथ चल रहे थे, जबकि उनके पीछे-पीछे समाज के सैकड़ों लोग “जय महाराजा अग्रसेन” के गगनभेदी जयघोष कर रहे थे। शोभायात्रा के दौरान नगर का माहौल पूरी तरह धार्मिक रंग में रंग गया। महिलाएं पारंपरिक परिधान में और युवा समाज के झंडे हाथ में लिए अग्रसेन जयंती का उल्लास व्यक्त कर रहे थे।
शोभायात्रा नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए अग्रवाल चौक, गांधी चौक, सब्जी मंडी, पुराना बस स्टैंड सहित प्रमुख स्थानों से गुजरी। मार्ग में जगह-जगह व्यापारियों और समाज के लोगों ने पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों और बैंड-बाजों की धुन पर समाज के लोग नाचते-गाते नजर आए। वाहन रैली में सजी-धजी गाड़ियों पर महाराजा अग्रसेन के जीवन दर्शन को दर्शाते झांकियां सजाई गईं, जो आकर्षण का केंद्र रहीं।
शोभायात्रा का समापन महाराजा अग्रसेन चौक पर हुआ। यहां अग्रवाल समाज की ओर से महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा पर विधायक गणेश राज बंसल, समिति अध्यक्ष सुभाष बंसल और अन्य पदाधिकारियों ने पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद आसमान में रंग-बिरंगी आतिशबाजी के साथ जयंती समारोह का समापन हुआ। आतिशबाजी के मनमोहक नजारों से पूरा वातावरण उल्लास और श्रद्धा से गूंज उठा।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।