बार संघ हनुमानगढ़ चुनाव 12 दिसंबर को, मतदाता सूची जारी, नामांकन 8 दिसंबर से शुरू

109
– अध्यक्ष, उपाध्यक्ष सहित पांच पदों पर होगा चुनाव, 534 मतदाता करेंगे अपने प्रतिनिधियों का चयन
हनुमानगढ़। बार संघ हनुमानगढ़ की आगामी कार्यकारिणी 2025-26 के लिए चुनावी प्रक्रिया तेज हो गई है। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 12 दिसंबर को बार संघ के पांच पदों—अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष एवं पुस्तकालय अध्यक्ष—के लिए मतदान कराया जाएगा। इसके लिए मतदाता सूची जारी कर दी गई है तथा नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया 8 दिसंबर से शुरू होगी।
चुनावी कार्यक्रम के तहत 4 दिसंबर को मतदाता सूची का अंतिम मसौदा जारी किया गया था। बार सदस्यों से कुल 764 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनकी जांच 4 व 5 दिसंबर को की गई। जांच के दौरान प्राप्त आपत्तियों पर विचार करने के बाद 6 दिसंबर को सुबह 11 बजे अंतिम मतदाता सूची जारी की गई, जिसमें कुल 534 अधिवक्ताओं को मताधिकार प्रदान किया गया है। इस सूची का प्रकाशन बार संघ कार्यालय के सूचना पट्ट पर चस्पा किया गया है। सूची में उन सदस्यों के नाम निरस्त कर दिए गए हैं जो नियमों के अनुसार नियमित नहीं थे।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी एडवोकेट प्रीतपाल सिंह ने बताया कि बार काउंसिल ऑफ राजस्थान के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी तरीके से संचालित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 8 दिसंबर को नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे, जबकि 9 दिसंबर नामांकन वापसी की अंतिम तिथि निर्धारित की गई है। यदि किसी पद पर सभी उम्मीदवारों की आपसी सहमति से निर्विरोध चयन होता है तो उसे घोषित कर दिया जाएगा, अन्यथा संबंधित पदों पर 12 दिसंबर को मतदान कराया जाएगा।
सहायक निर्वाचन अधिकारी रामकुमार सहारण ने कहा कि बार संघ का यह चुनाव अधिवक्ताओं के प्रतिनिधित्व व संगठन को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रकिया है। मतदाता सूची को अंतिम रूप देते समय सभी नियमों का पालन किया गया है, ताकि चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे।
चुनाव को सफलतापूर्वक सम्पन्न करवाने की जिम्मेदारी मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रीतपाल सिंह के साथ सहायक निर्वाचन अधिकारी रामकुमार सहारण, विमल कीर्ति बिश्नोई, आशीष भीड़ासरा एवं शालू रानी निभा रहे हैं। सभी अधिकारी चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष व शांतिपूर्ण ढंग से आयोजित करने में जुटे हुए हैं।
12 दिसंबर को मतदाता अपने पसंदीदा प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान करेंगे, जिसके बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।