हनुमानगढ़ आगार कर्मचारियों ने रखी 7 सूत्री मांगें

114

– निरीक्षण दल की मनमानी, परिचालकों की कमी व बस संचालन में बाधाओं पर जताई नाराज़गी
हनुमानगढ़। 
राजस्थान रोडवेज संयुक्त संघर्ष समिति हनुमानगढ़ आगार से जुड़े भारतीय मजदूर संघ, एटक, सीटू, इंटक और सेवानिवृत्त कल्याण समिति ने निगम मुख्यालय जयपुर को एक मांग पत्र भेजकर कर्मचारियों की ज्वलंत समस्याओं के समाधान की मांग की है। समिति ने बताया कि चालक-परिचालक निगम हित में लगातार बिना अवकाश कार्य कर रहे हैं, जिससे हनुमानगढ़ आगार की आय में वृद्धि हुई है, लेकिन इसके बावजूद कर्मचारियों का शोषण बढ़ता जा रहा है।
संघर्ष समिति ने मांग पत्र में सात प्रमुख समस्याएं उठाई हैं। इनमें सबसे पहले 20 अगस्त को निगम मुख्यालय निरीक्षण दल द्वारा परिचालक सुनील सहारण के साथ अभद्र व्यवहार का मुद्दा उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की गई है। समिति ने कहा कि ऐसी द्वेषपूर्ण कार्रवाई से कर्मचारियों का मनोबल टूटता है और नौकरी पर संकट आ जाता है।
इसके अलावा परिचालकों की भारी कमी का मुद्दा उठाते हुए कहा गया कि कर्मचारियों को न तो साप्ताहिक विश्राम मिल पा रहा है और न ही अन्य अवकाश। समिति ने मांग की कि पर्याप्त परिचालकों की व्यवस्था अन्य आगारों से करवाई जाए और जब तक यह संभव न हो, तब तक उपलब्ध स्टाफ को उचित अवकाश देकर अनुपात के अनुसार ही वाहन संचालन हो।
मांग पत्र में चालक, परिचालक व मैकेनिक को मंत्रालयिक कर्मचारियों की तरह 300 उपार्जित अवकाश देने, शिमला व चिंतपूर्णी मार्ग पर बंद पड़ी बस सेवा को संसाधन उपलब्ध करवाकर शुरू करने तथा डीजल एवरेज, टायर फटना व शीशा टूटने जैसी परिस्थितियों में चार्जशीट और वेतन कटौती बंद करने की मांग की गई है।
साथ ही आगार कार्यशाला में वाहन देखभाल व टायरों की कमी को दूर करने तथा हनुमानगढ़ आगार कार्यालय के सामने खाली भूमि पर निगम का बस स्टैंड बनवाने की मांग भी की गई है।
संघर्ष समिति ने चेतावनी दी कि यदि इन मांगों पर शीघ्र कार्यवाही नहीं की गई तो कर्मचारियों में आक्रोश बढ़ेगा। कर्मचारियों को पूरी उम्मीद है कि प्रबंधन निगम और कर्मचारी हित में जल्द से जल्द ठोस निर्णय लेगा। इस मौके पर बीएमएस से गुरलाल सिंह, जालंधर सिंह, सीटू से सुनील सियाग, विक्रांत सहारण, इंटक से गगनदीप शर्मा, सुनील सहारण, एटक से संदीप कुमार, जिन्दरपाल सिंह, सेवानिवृत्त कल्याण समिति से उदयपाल सिंह, अमर सिंह व पृथ्वी महला सहित अन्य कर्मचारी मौजूद थे।

ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।