हनुमानगढ़ जिला क्वानकिडो चैम्पियनशिप सम्पन्न

103

– राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिले के खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम
हनुमानगढ़।
 गुरु रविदास मंदिर प्रांगण में जिला क्वानकिडो चैम्पियनशिप 2025-26 का आयोजन धूमधाम से सम्पन्न हुआ। उद्घाटन लोकप्रिय विधायक गणेश राज बंसल, स्वाभिमान जन जागृति एकता मंच के प्रदेश अध्यक्ष नारायण नायक एवं राजस्थान स्टेट क्वानकिडो के स्टेट टेक्निकल डायरेक्टर धनंजय सारस्वत ने किया। जिला स्तरीय प्रतियोगिता में 11 स्कूलों और 8 अकादमियों से जुड़े 120 से अधिक बालक-बालिकाओं ने भाग लिया और विभिन्न आयु वर्ग—सब-जूनियर, केडेट, जूनियर एवं सीनियर—सहित अलग-अलग भार वर्ग में स्पारिंग व क्वान्स इवेंट्स में अपने कौशल का प्रदर्शन किया।
जिला सचिव संदीप कुमार बरोड़ ने बताया कि चैम्पियनशिप में खिलाड़ियों का उत्साह देखने लायक रहा। प्रतियोगिता में द्वारका देवी मार्शल आर्ट्स एकेडमी ने 22 स्वर्ण पदक जीतकर ओवरऑल प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं, ग्लोबल इंटरनेशनल अकादमी गोलूवाला उपविजेता रही। आयोजन सचिव दूलीचंद बरोड़ ने कहा कि चयनित खिलाड़ी आगामी 11 अक्टूबर से श्रीगंगानगर में होने वाली सातवीं राज्य स्तरीय क्वानकिडो प्रतियोगिता में हनुमानगढ़ जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। इसके लिए एसोसिएशन की ओर से चयनित खिलाड़ियों को 10 दिवसीय निःशुल्क प्रशिक्षण शिविर दिया जाएगा ताकि राज्य स्तर पर उनका प्रदर्शन और भी उत्कृष्ट हो।
जिलाध्यक्ष जसकरण सिंह ने बताया कि प्रशिक्षण शिविर में खिलाड़ियों को तकनीकी पहलुओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। चैम्पियनशिप में स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ियों में नवीन रॉयल, गुरजोत कौर, नारायण, राशी अरोड़ा, प्रवीण कौर, करण सिंह, वासुदेव, तारवंती, तरुण और मोहित सहित कई खिलाड़ी शामिल हैं। इन खिलाड़ियों का चयन राज्य स्तरीय मुकाबले के लिए किया गया है।
समापन समारोह में थानाधिकारी राम प्रताप गोदारा ने खिलाड़ियों को खेल और शिक्षा दोनों में आगे बढ़ने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि अनुशासन और कड़ी मेहनत से युवा न सिर्फ खेलों में, बल्कि जीवन के हर क्षेत्र में सफलता हासिल कर सकते हैं।
प्रतियोगिता में नारायण नायक, गुरप्रीत सिंह, मुकेश कुमार रॉयल, ओमप्रकाश सिंगल, नरेंद्र काजला, लालचंद, वीरेंद्र गिल, अनुज, अमन मठारु, भारत पंचारिया, मयंक सैन और हरीश बड़गूजर सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आयोजन समिति ने इन सभी का सम्मानपूर्वक स्वागत किया।
चैम्पियनशिप में रेफरी की भूमिका श्रीगंगानगर के साहिल कारगवाल, कुलदीप सिंह, नवीन कुमार, मयंक सैन, हरीश, प्रवीण और संदीप कुमार (नोबल एकेडमी) ने निभाई। प्रतियोगिता का संचालन अनुशासन और खेल भावना से सम्पन्न हुआ। अंत में आयोजन सचिव दूलीचंद बरोड़ ने सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, रेफरी, अभिभावकों और आगंतुकों का आभार व्यक्त किया और भविष्य में और भी बेहतर आयोजन का संकल्प लिया।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।