राज्य स्तरीय जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में हनुमानगढ़ के खिलाड़ियों का दमखम

147
– मनप्रीत, मुक्ता, आरज़ू और देविका ने दिलाए स्वर्ण, कई खिलाड़ियों ने किया जिले का नाम रोशन
हनुमानगढ़। बीकानेर में आयोजित 40वीं राजस्थान राज्य जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता में हनुमानगढ़ के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कई पदक अपने नाम किए। बालक और बालिका दोनों वर्गों में जिले के खिलाड़ियों ने ट्रैक और फील्ड इवेंट्स में दमखम दिखाया और जिला एथलेटिक संघ का नाम गर्व से ऊँचा किया।
हनुमानगढ़ एथलेटिक्स संघ के सचिव स्वदेश मित्र ने बताया कि बालक वर्ग में अंडर-20 के 800 मीटर दौड़ में मनप्रीत ने स्वर्ण पदक जीतकर प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं प्रवीण कुमार ने अंडर-18 और अंडर-20 हेप्टाथलॉन में शानदार प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा प्रवीण ने 110 मीटर बाधा दौड़ में तीसरा स्थान भी हासिल किया। हैमर थ्रो में लवप्रीत ने अंडर-20 वर्ग में तीसरा स्थान प्राप्त किया।
बालिका वर्ग में हनुमानगढ़ की एथलीट्स ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। अंडर-20 की 3000 मीटर दौड़ में मुक्ता ने स्वर्ण पदक जीतकर जिला गौरवान्वित किया। अंडर-16 वर्ग में गोला फेंक में आरज़ू ने पहला स्थान हासिल किया, वहीं 600 मीटर दौड़ में देविका ने स्वर्ण पदक जीता। अंडर-16 ऊँची कूद में खुशी तीसरे स्थान पर रही।
अंडर-18 ऊँची कूद में रेका ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। अंडर-20 वर्ग में 110 मीटर बाधा दौड़ में भूमि तीसरे स्थान पर रही, वहीं ऊँची कूद में सुमन ने रजत पदक और ट्रिपल जंप में कांस्य पदक जीता।
प्रतियोगिता से लौटने पर हनुमानगढ़ एथलेटिक्स संघ ने खिलाड़ियों का जोरदार स्वागत किया। जिला एथलेटिक संघ के अध्यक्ष नंदलाल वर्मा, उपाध्यक्ष संजय बिश्नोई, सचिव स्वदेश मित्र और संरक्षक सुधीर गोदारा ने खिलाड़ियों का अभिनंदन किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।