-4 स्वर्ण व 3 रजत पदक जीतकर खिलाड़ियों ने किया जिले का नाम रोशन, विक्रम कुमार बने बेस्ट प्लेयर ऑफ राजस्थान
हनुमानगढ़। 69वीं राज्य स्तरीय वुशू प्रतियोगिता में हनुमानगढ़ जिले के खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से जिले का मान बढ़ाया है। कोटा जिले की गुमानपुरा तहसील स्थित महात्मा गांधी मल्टीपरपज स्कूल में आयोजित इस प्रतियोगिता में हनुमानगढ़ के खिलाड़ियों ने 4 स्वर्ण और 3 रजत पदक जीतकर शानदार उपलब्धि हासिल की।
खिलाड़ियों की इस अभूतपूर्व सफलता से न केवल हनुमानगढ़ जिले का गौरव बढ़ा है, बल्कि राज्य स्तर पर भी जिले की खेल प्रतिभा का लोहा मनवाया है।
मंगलवार को जब विजेता खिलाड़ी हनुमानगढ़ पहुंचे तो जंक्शन रेलवे स्टेशन पर उनका भव्य स्वागत किया गया। स्टेशन परिसर में वातावरण पूरी तरह देशभक्ति और उत्साह के रंगों से सराबोर था। हनुमानगढ़ वुशू संघ के नेतृत्व में खेल प्रेमियों और शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधियों ने खिलाड़ियों पर पुष्पवर्षा की, माला पहनाई और रंग-गुलाल लगाकर अभिनंदन किया।
वुशू कोच शंकर सिंह नरूका ने बताया कि इस प्रतियोगिता में हनुमानगढ़ के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, जिनमें विक्रम कुमार को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए बेस्ट प्लेयर ऑफ राजस्थान का सम्मान दिया गया। उन्होंने बताया कि हनुमानगढ़ के खिलाड़ी अब आगामी राष्ट्रीय वुशू प्रतियोगिता में राजस्थान का प्रतिनिधित्व करेंगे। प्रतियोगिता में इंदिरा गांधी शिक्षण संस्थान के खिलाड़ियों ने सर्वाधिक पदक जीतकर अपनी संस्था के साथ-साथ पूरे जिले का नाम रोशन किया। संस्था के संस्थापक दयाराम सैन और प्रधानाचार्य रमेश सैन ने इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता जिले के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि निरंतर अभ्यास, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर खिलाड़ी देश-विदेश में भी अपना परचम लहरा सकते हैं।
खिलाड़ियों के स्वागत समारोह में हनुमानगढ़ वुशू संघ के जिला संयोजक हेमंत गोयल, इंदिरा गांधी शिक्षण संस्थान के संस्थापक दयाराम सैन, प्रधानाचार्य रमेश सैन, एडवोकेट दीपांशु गोयल, मृगेन्द्र पाल सिंह, गोकूल नाथ, वरुण चावला, विजय कुमार, रमेश कुमार, दिनेश मंडल, उदयभान जादौन, प्रिंस सेतिया, औंकार, देवेंद्र, हेमंत कुमार, कृष्णा सैन, पुष्पा सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी, अभिभावक और छात्र उपस्थित रहे।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































