टेनिस लीग में हनुमानगढ़ की सुमन मेहरा बनीं विजेता, 27 जिलों के अधिकारियों ने दिखाया खेल कौशल

80

हनुमानगढ़। कोटा में आयोजित अन्तर ज़िला सिविल सेवा खेल प्रतियोगिता में हनुमानगढ़ की बेटी सुमन ने शानदार प्रदर्शन किया।  तीन दिनों तक चली इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में राजस्थान के 27 जिलों से आए 750 से अधिक अधिकारी व कर्मचारियों ने विभिन्न खेल स्पर्धाओं में भाग लिया। प्रतियोगिता के दौरान खेले गए मुकाबले बेहद रोमांचक रहे और खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल भावना का परिचय दिया।
महिला वर्ग की टेनिस लीग में जयपुर मुख्यालय की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि जयपुर टीम और जयपुर जिला टीम उपविजेता रहीं। टेनिस लीग के फाइनल मुकाबले में जयपुर की टीम की जीत में हनुमानगढ़ की बेटी सुमन मेहरा का अहम योगदान रहा, जिन्होंने अपने शानदार खेल से टीम को विजेता बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
समापन अवसर पर कोटा जिला कलक्टर डॉ. रविंद्र गोस्वामी ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को पुरस्कार प्रदान किए। उन्होंने सुमन मेहरा को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया और उनके प्रदर्शन की सराहना की। डॉ. गोस्वामी ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक और मानसिक विकास का माध्यम है, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और सकारात्मक सोच भी सिखाता है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।