-19 वर्षीय वर्ग में स्वर्ण, 17 वर्षीय में रजत जीतकर जिले का मान बढ़ाया
हनुमानगढ़। खेलों की दुनिया में हनुमानगढ़ की बालिकाओं ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। सवाईमाधोपुर में आयोजित 69वीं राज्य स्तरीय नेटबॉल प्रतियोगिता (छात्रा वर्ग) में जिले की बालिकाओं ने शानदार प्रदर्शन कर हनुमानगढ़ का नाम पूरे राजस्थान में रोशन किया। प्रतियोगिता में 19 वर्षीय छात्रा वर्ग की टीम ने स्वर्ण पदक जीतकर प्रथम स्थान प्राप्त किया, वहीं 17 वर्षीय छात्रा वर्ग की टीम ने उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए रजत पदक पर कब्जा जमाया।
प्रतियोगिता के दौरान 19 वर्षीय में फाइनल मुकाबला हनुमानगढ़ बनाम जयपुर की टीमों के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में हनुमानगढ़ की टीम ने शानदार खेल प्रदर्शन करते हुए भीलवाड़ा को 25-14 अंतर से पराजित कर विजेता का खिताब अपने नाम किया। इस जीत के साथ ही हनुमानगढ़ की विजेता बालिकाएं अब आगामी दिनों में राष्ट्रीय प्रतियोगिता में राजस्थान राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगी।
टीम की इस शानदार उपलब्धि पर मंगलवार को जब विजेता खिलाड़ियों का हनुमानगढ़ आगमन हुआ तो जंक्शन रेलवे स्टेशन पर स्वागत का माहौल उत्सव जैसा हो गया। विधायक गणेशराज बंसल, जिला नेटबॉल संघ के अध्यक्ष मनोज पारीक, समाजसेवी सुशील जोशी सहित अनेक खेलप्रेमी और अभिभावक छात्राओं के स्वागत के लिए स्टेशन पर पहुंचे। सभी ने विजेता छात्राओं का माला पहनाकर, रंग-गुलाल लगाकर तथा मिठाइयां खिलाकर जोरदार अभिनंदन किया।
इस अवसर पर विधायक गणेशराज बंसल ने कहा कि हनुमानगढ़ की बालिकाएं आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं। यह उपलब्धि जिले के लिए गौरव की बात है। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रदेश स्तर पर स्वर्ण व रजत जीतने वाली ये बालिकाएं आने वाले समय में राष्ट्रीय स्तर पर भी हनुमानगढ़ का नाम ऊंचा करेंगी।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































