गौशाला में अमावस्या पर हवन, गौ पूजन व आरती का आयोजन

139

नवरात्रों पर शतचंडी हवन की होगी शुरुआत
हनुमानगढ़। टाउन की फाटक गौशाला बरकत कॉलोनी में रविवार को अमावस्या के अवसर पर विशेष धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह गौ सेवकों द्वारा गौशाला की सफाई से हुई। इसके बाद पंडित प्रकाश शास्त्री ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ हवन यज्ञ, गौ पूजन एवं गौ माता की आरती विधिविधानपूर्वक संपन्न कराई। गौशाला अध्यक्ष मुरलीधर अग्रवाल ने बताया कि यह आयोजन बीमार गौवंश के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ, क्षेत्र की सुख-समृद्धि और जन-जन की खुशहाली की कामना के उद्देश्य से किया गया। उन्होंने कहा कि गौ माता के पूजन और हवन से वातावरण पवित्र होता है और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। हवन यज्ञ में अनेक श्रद्धालु व गौ भक्तों ने भाग लिया। उपस्थित प्रमुख जनों में मंगत राय, मुरलीधर, सत्यनारायण, महावीर प्रसाद, मीरा, पुष्पा, सरोज, सुनयना, सुमन पारीक, मीरा पारीक, सपना और उर्मिला सहित कई गौसेवक शामिल रहे। सभी ने मिलकर गौ सेवा का संकल्प लिया और गौ माता की आरती के साथ पूर्णाहुति दी। मुरली अग्रवाल ने बताया कि आगामी नवरात्रों के अवसर पर गौशाला में विशेष शतचंडी हवन यज्ञ का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम सोमवार प्रातः 10.15 बजे घट स्थापना के साथ आरंभ होगा। उन्होंने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर धर्मलाभ लेने की अपील की। फाटक गौशाला में आयोजित यह धार्मिक अनुष्ठान न केवल गौवंश संरक्षण की प्रेरणा देता है, बल्कि समाज में शांति, सद्भाव और आस्था का संदेश भी फैलाता है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।