-बीमार, एक्सीडेंटल और असहाय गोवंश के स्वस्थ होने की कामना की गई
हनुमानगढ़ टाउन स्थित बरकत कॉलोनी के फाटक गौशाला परिसर में आज अमावस्या के पावन अवसर पर विशेष हवन यज्ञ का आयोजन किया गया। गौशाला समिति द्वारा आयोजित यह धार्मिक कार्यक्रम बीमार, एक्सीडेंटल तथा असहाय गोवंश के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के उद्देश्य से किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत पंडित रामप्रकाश शर्मा द्वारा विधि- विधानपूर्वक मंत्रोच्चारण और वैदिक परंपराओं के साथ हुई, जिसमें सभी उपस्थित गोभक्तों ने आहुतियां अर्पित कर स्वयं को इस पुण्य कार्य का भागीदार बनाया।
फाटक गौशाला समिति के अध्यक्ष मुरलीधर अग्रवाल ने बताया कि गौशाला में प्रतिदिन बड़ी संख्या में ऐसे गोवंश लाए जाते हैं जो दुर्घटनाग्रस्त, बीमार या पूरी तरह असहाय होते हैं। इनके उपचार और देखभाल का दायित्व समाज के सहयोग से पूरा किया जाता है। उन्होंने बताया कि हनुमानगढ़ से लगभग 40 किलोमीटर क्षेत्र के भीतर यदि किसी भी स्थान पर कोई गोवंश एक्सीडेंट या गंभीर बीमारी की स्थिति में पाया जाता है, तो उसे तुरंत फाटक गौशाला में उपचार के लिए भेजा जा सकता है। यहां मौजूद चिकित्सकीय सुविधाओं और सेवाभावी कार्यकर्ताओं के सहयोग से गोवंश का पूरा उपचार किया जाता है। हवन यज्ञ में रजत शर्मा,सरला शर्मा, सरला शर्मा,सुमन पारीक,उर्मिला बजाज,तुलसी, स्नेह जिंदल,रमा,कंज्यू,जानकी देवी,विमल देवी,रिंकू शाक्य,ललित खदरिया,रीता चावला सहित अनेक गोभक्तों ने भाग लिया। सभी ने हवन में आहुति देकर गोवंश के जल्द स्वस्थ होने और गौशाला की निरंतर प्रगति की कामना की। इस मौके पर गौशाला प्रशासन ने उपस्थित लोगों को जानकारी दी कि संस्था पूरी तरह जनसहयोग पर आधारित है और यहां का प्रत्येक कार्य समाज के सहयोग से ही संपन्न होता है। उन्होंने नागरिकों से भी आग्रह किया कि अधिक से अधिक संख्या में सहयोग देकर इस सेवा कार्य को मजबूत बनाएं, ताकि असहाय एवं बीमार गोवंश को समय पर उचित उपचार मिल सके। कार्यक्रम के अंत में सभी भक्तों को प्रसाद वितरण किया गया और गौशाला समिति की ओर से सभी का आभार व्यक्त किया गया। फाटक गौशाला द्वारा किया जा रहा यह सतत सेवा कार्य समाज में गोसेवा की भावना को और अधिक मजबूत करता है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































