– प्रशासन ने संभाली कमान, अधिकारियों ने किया जलभराव क्षेत्रों का दौरा
हनुमानगढ़।बीती रात से लेकर सुबह तक हुई तेज बारिश ने हनुमानगढ़ शहर को बुरी तरह प्रभावित किया है। विशेषकर वार्ड नं. 12, भट्टा कॉलोनी, हनुमानगढ़ जंक्शन के दिहाड़ी मजदूर वर्ग को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। यहां के कई कच्चे मकानों की छतें गिर गईं हैं, दीवारें टूट गईं और घरों में करीब 4 से 5 फुट तक पानी भर गया है। स्थिति इतनी विकट हो गई कि प्रभावित परिवारों को अपनी जान बचाने के लिए घरों से सामान निकालकर सड़कों पर आना पड़ा, जहां वे भूखे-प्यासे खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं।
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है। उनका कहना है कि प्रशासन ने अब तक कोई ठोस राहत कार्य शुरू नहीं किया है, जिससे लोगों में रोष है। प्रभावित लोगों की सूची भी संबंधित अधिकारियों को सौंपी गई है, ताकि उचित सर्वे कर मुआवजा दिलाया जा सके।
एक लिखित आवेदन में भट्टा कॉलोनी के निवासियों ने बताया कि वे मेहनतकश व निर्धन वर्ग से हैं, जिनके पास न पक्के मकान हैं और न ही बारिश जैसे आपदाओं से बचाव का कोई साधन। बीती रात बारिश ने उनके आशियानों को तबाह कर दिया और अब वे किसी प्रकार की मदद के इंतजार में हैं। जिला परिषद डायरेक्टर मनीष मक्कासर व वार्ड के लोगों ने जिला कलक्टर से मांग की है कि तुरन्त प्रभाव से सर्वे करवाकर गरीबों को उचित मुआवजा दिलाया जाए तथा घरों से पानी निकालने की व्यवस्था तत्काल करवाई जाए।
ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































