हनुमानगढ़ जंक्शन की पुण्य धरा पर जंक्शन स्थित हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र में रविवार को हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में प्रकाश नाथ जी , प्रेम जी दुधवाल, वंदना जी रहे एवं मुख्य वक्ता के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह प्रांत प्रचारक राजेश जीरहे । मंच संचालन विपिन जोशी ने किया ।इस अवसर पर बड़ी संख्या में हिंदू समाज के लोग, मातृशक्ति एवं विभिन्न प्रतिनिधि शामिल हुए। सम्मेलन का उद्देश्य हिंदू समाज की एकता और सांस्कृतिक चेतना को सुदृढ़ करना बताया गया। हिंदू सम्मेलन की शुरुआत शिव कुटिया से भव्य कलश यात्रा के साथ की गई। इस कलश यात्रा में हजारों की संख्या में महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश धारण कर यात्रा में शामिल हुईं। कलश यात्रा हाउसिंग बोर्ड स्थित शिव कुटिया से प्रारंभ होकर आजाद वाटिका पार्क में संपन्न हुई। कलश यात्रा के दौरान मार्ग में आमजन द्वारा जगह-जगह पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया गया। यात्रा के दौरान धार्मिक उत्साह और श्रद्धा का वातावरण बना रहा। महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों की भागीदारी ने आयोजन को भव्य स्वरूप प्रदान किया।कलश यात्रा के समापन के पश्चात आजाद वाटिका पार्क में हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया।सम्मेलन में माताओं-बहनों के साथ-साथ हिंदू समाज के विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया, जिनमें समाज की परंपराओं और सांस्कृतिक मूल्यों को दर्शाया गया।
हिंदू सम्मेलन को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जोधपुर प्रांत के सहप्रांत प्रचारक राजेश कुमार ने संबोधित किया।उन्होंने अपने उद्बोधन में हिंदू समाज की एकता पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि भविष्य में आने वाले समय को देखते हुए हिंदू एकता अत्यंत आवश्यक है।उन्होंने यह भी कहा कि समाज को तोड़ने के लिए विभिन्न प्रकार के षड्यंत्र चलते रहते हैं और ऐसे में समाज को संगठित रहने की आवश्यकता है। उद्बोधन में यह भी बताया गया कि किस प्रकार हिंदू समाज को एकजुट होकर, एक जाजम पर आकर, एक स्थान पर एकत्रित होना चाहिए। उन्होंने कहा कि समाज की एकता ही उसकी सबसे बड़ी शक्ति होती है और इसी के माध्यम से समाज अपने मूल्यों और संस्कृति की रक्षा कर सकता है। अपने वक्तव्य के दौरान उन्होंने “पंच परिवर्तन” की अवधारणा पर भी प्रकाश डाला। पंच परिवर्तन के अंतर्गत प्लास्टिक का प्रयोग नहीं करने,पर्यावरण का ध्यान रखने तथा नागरिक कर्तव्यों का पालन करने की बात कही गई। उन्होंने कहा कि इन परिवर्तनों को अपनाकर समाज और राष्ट्र के भविष्य को बेहतर बनाया जा सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि हिंदू समाज इस राष्ट्र की आधारशिला है और आने वाले समय में हिंदू समाज की भूमिका और भी महत्वपूर्ण रहने वाली है। इसलिए समाज में एकता, अनुशासन और जागरूकता की आवश्यकता है। सम्मेलन में यह संदेश भी दिया गया कि हिंदू समाज को किसी भी परिस्थिति में विभाजित नहीं होना चाहिए। जाती में न बटकर एक रहने ” के संदेश के साथ एकजुट रहने का आह्वान किया गया। वक्तव्य में कहा गया कि एक संगठित समाज ही राष्ट्र निर्माण में अपनी प्रभावी भूमिका निभा सकता है। हिंदू सम्मेलन के दौरान उपस्थित लोगों ने वक्ताओं के विचारों को ध्यानपूर्वक सुना। कार्यक्रम के समापन पर आयोजन से जुड़े लोगों ने सफल आयोजन के लिए सभी का आभार व्यक्त किया। सम्मेलन शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































