– न्यायालय के आदेश पर खुला आर्य समाज मंदिर, अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार सोनी ने बताया सत्य की विजय
हनुमानगढ़। लगभग एक वर्ष से चल रहे विवाद के बाद आर्य समाज हनुमानगढ़ को आज बड़ी कानूनी राहत मिली। माननीय न्यायालय के आदेशों की पालना में प्रशासन द्वारा आर्य समाज मंदिर का ताला खुलवाकर विधिवत रूप से मंदिर को आर्य समाज के अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार सोनी को सौंपा गया। इस अवसर पर आर्य समाज से जुड़े सदस्यों एवं समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई और सभी ने एक-दूसरे को बधाई दी।
उल्लेखनीय है कि बीते करीब एक वर्ष पूर्व कुछ स्वार्थी और भ्रमित तत्वों द्वारा निजी लाभ के उद्देश्य से आर्य समाज हनुमानगढ़ की गतिविधियों को बाधित करने का प्रयास किया गया था। फर्जी नेतृत्व खड़ा कर आधारहीन मुकदमे दर्ज करवाए गए, जिससे हवन-यज्ञ जैसे धार्मिक और पवित्र कार्यों में संलग्न निर्दोष सदस्यों को मानसिक व सामाजिक रूप से परेशान किया गया। इसी क्रम में आर्य मंदिर भवन को रिसीवर के अधीन करवाकर प्रतिदिन होने वाले धार्मिक अनुष्ठानों को भी बाधित करने की कोशिश की गई।
आरोप है कि इस पूरे घटनाक्रम के दौरान कुछ अधिकारियों और राजनीतिक तत्वों की कथित मिलीभगत से भ्रामक जानकारियां फैलाकर शहर की सरल-स्वभाव जनता को गुमराह किया गया। इतना ही नहीं, झूठे आरोपों के आधार पर धरना-प्रदर्शन तक करवाए गए, जिससे सामाजिक सौहार्द पर भी प्रभाव पड़ा। हालांकि आर्य समाज के पदाधिकारियों और सदस्यों ने धैर्य बनाए रखते हुए न्यायालय की शरण ली और सत्य के मार्ग पर अडिग रहे।
आज न्यायालय के स्पष्ट आदेश के बाद प्रशासन ने मंदिर की चाबी सौंपकर आर्य समाज को उसका अधिकार लौटाया। मंदिर खुलते ही सदस्यों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ ईश्वर का स्मरण किया और हवन-यज्ञ पुनः आरंभ होने पर प्रसन्नता व्यक्त की।
अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार सोनी ने कहा कि यह फैसला सत्य और धर्म की जीत है। उन्होंने कहा कि सत्य को परेशान किया जा सकता है, लेकिन पराजित नहीं। न्यायालय के निर्णय ने यह सिद्ध कर दिया है कि अन्याय चाहे जितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, वह टिक नहीं सकता। कार्यक्रम के अंत में पूर्व पार्षद प्रमोद सोनी, श्री मति पुष्पलता, श्री मति वंदना आर्य ,निर्मला आर्य, सोनू वर्मा ,इंद्रजीत चौधरी, राजेश वर्मा, परविंदर वधवा, महेश सोनी, जैकी सोनी, सतपाल सोनी, गुरदीप सिंह, सतपाल मान , तरुण अरोड़ा, विशाल सोनी, संदीप शर्मा सहित सभी उपस्थित सदस्यों ने न्यायपालिका के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में आर्य समाज की गतिविधियों को और अधिक मजबूती से आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































