सेवा विकलांग आश्रम में बच्चों संग मनाया गया होली स्नेह मिलन

188

हनुमानगढ़ एपेक्स महिला क्लब द्वारा समाज सेवा की दिशा में एक अनुकरणीय पहल करते हुए आज हनुमानगढ़ जंक्शन–अबोहर बाईपास पर स्थित सेवा विकलांग आश्रम में विशेष होली स्नेह मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के साथ प्रेम, अपनत्व और उत्सव की भावना साझा करना रहा। कार्यक्रम की शुरुआत आश्रम के गोविन्द द्वारा प्रस्तुत किए गए मनमोहक भजनों से हुई, जिनसे पूरे वातावरण में भक्ति और उल्लास का संचार हो गया। इसके पश्चात सेवा विकलांग आश्रम के संस्थापक हेमंत गोयल ने आश्रम की गतिविधियों, उद्देश्यों और यहां बच्चों के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी एपेक्स महिला क्लब की सदस्यों को दी । इस अवसर पर हनुमानगढ़ एपेक्स महिला क्लब की अध्यक्ष सुषमा बैद, सचिव पूजा जैन, पूर्व अध्यक्ष रेणु सोंधी,साक्षी जैन तथा एपेक्स क्लब के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एपेक्सियन राजेन्द्र बैद विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी पदाधिकारियों और सदस्यों ने बच्चों के साथ समय व्यतीत किया, गुलाल लगाया और उनके साथ होली का पर्व स्नेहपूर्वक मनाया। बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह देखते ही बनता था। आश्रम के संस्थापक हेमन्त गोयल ने एपेक्स महिला क्लब का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि क्लब का सहयोग संस्थान को निरंतर मिलता रहा है। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर बच्चों के लिए खाद्य सामग्री, मिठाई और गुलाल भेंट किए गए, जिससे बच्चे अत्यंत प्रसन्न हुए। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों के आत्मविश्वास और खुशी को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सचिव पूजा जैन एवं पूर्व अध्यक्ष रेणु सोंधी ने संयुक्त रूप से कहा कि क्लब की सभी सदस्यों के सहयोग से यह कार्यक्रम सफल हो पाया। उन्होंने क्लब के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एपेक्सियन राजेन्द्र बैद का भी आभार व्यक्त किया और कहा कि उनकी प्रेरणा से ही इस सेवा कार्य को पूर्ण किया जा सका। राजेन्द्र बैद ने कहा कि इन बच्चों के साथ होली स्नेह मिलन मनाकर उन्हें अत्यंत खुशी हुई और ईश्वर को धन्यवाद दिया कि समाज सेवा का अवसर मिला ।कार्यक्रम के अंत में क्लब अध्यक्ष सुषमा बैद ने सेवा विकलांग आश्रम को आश्वस्त किया कि हनुमानगढ़ एपेक्स महिला क्लब भविष्य में भी बच्चों के हित से जुड़े सामाजिक और सेवा कार्यों में निरंतर सहयोग करता रहेगा। यह आयोजन न केवल होली का उत्सव था, बल्कि मानवीय संवेदनाओं और सामाजिक उत्तरदायित्व का सशक्त संदेश भी था।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।