हनुमानगढ़। गृह रक्षा स्थापना दिवस का भव्य समापन शनिवार को गृह रक्षा प्रशिक्षण केंद्र हनुमानगढ़ में आयोजित हुआ। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रंगारंग प्रस्तुति ने समां बांध दिया। मुख्य अतिथि जिला न्यायाधीश तनवीर चौधरी, सिंचाई विभाग जयपुर से सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी सुरेंदर सामरिया, एसीजीएम रविप्रकाश बाकोलिया, हास्य कलाकार ख्याली सहारण, समाजसेवी शिव भादू ने समारोह में शिरकत की।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों व कमांडेंट प्रियंका कड़वासरा द्वारा ध्वजा रोहन के साथ हुई। कमांडेंट प्रियंका कड़वासरा द्वारा राष्ट्रपति एवं राज्यपाल के संदेश को पढ़कर सभी जवानों को सुनाया और इसके बाद गृह रक्षा के जवानों और स्थानीय कलाकारों ने अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। गीत-संगीत और नृत्य की अद्भुत प्रस्तुति ने समारोह को यादगार बना दिया। हास्य कलाकार ख्याली सहारण ने अपने व्यंग्यपूर्ण चुटकुलों से सबको खूब हंसाया। कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान करने वाले गृह रक्षा के जवानों और वीरांगनाओं को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि जिला न्यायाधीश तनवीर चौधरी ने ग्रह रक्षा जवानों के साहस और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि गृह रक्षा के जवान समाज की सुरक्षा में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा, “गृह रक्षा जवान हर परिस्थिति में बिना किसी स्वार्थ के अपनी सेवाएं प्रदान करते हैं। चाहे आपदा प्रबंधन हो, कानून व्यवस्था बनाए रखना हो या किसी अन्य आपात स्थिति में मदद करना, ये हमेशा तैयार रहते हैं।”
सिंचाई विभाग जयपुर से सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी सुरेंदर सामरिया ने कहा कि गृह रक्षा के जवानों का कार्य न केवल महत्वपूर्ण है बल्कि प्रेरणादायक भी है। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि वे इन जवानों के प्रयासों का सम्मान करें और सहयोग करें। एसीजीएम रविप्रकाश बाकोलिया ने गृह रक्षा के जवानों को शहरी और ग्रामीण सुरक्षा व्यवस्था का आधार बताते हुए उनकी सेवाओं की सराहना की। समाजसेवी शिव भादू ने कहा कि गृह रक्षा के जवान समाज की सुरक्षा का अभिन्न हिस्सा हैं। इनकी भूमिका न केवल अपराध रोकने में बल्कि आपातकालीन सेवाओं में भी अत्यधिक महत्वपूर्ण होती है।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण सांस्कृतिक प्रस्तुतियां रहीं। पारंपरिक राजस्थानी नृत्य और गीतों ने दर्शकों का मन मोह लिया। विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रम पेश कर उपस्थित जनसमूह में जोश और उमंग का संचार किया। गृह रक्षा स्थापना दिवस का यह आयोजन जहां सांस्कृतिक विरासत को सहेजने और प्रस्तुत करने का माध्यम बना, वहीं इसने गृह रक्षा के जवानों की सेवाओं के प्रति सम्मान और कृतज्ञता प्रकट करने का अवसर भी दिया। कार्यक्रम के समापन पर अतिथियों ने जवानों को उनकी प्रतिबद्धता और सेवा के लिए बधाई दी और समाज में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के उनके प्रयासों की प्रशंसा की। उक्त आयोजन को सफल बनाने में प्रभारी अरविंद भादू, दीपिका शर्मा, रणवीर गिरी, राजेन्द्र, इंदर निननिया, हरीश चमौली, परविंदर,राय सिंघ, विजय, परविंदर, आशिक अली, पंकज, अजय, रामेश्वरलाल सहित अन्य जवानों का सहयोग रहा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































