घटिया निर्माण सामग्री से बना मकान बना खतरा, छत से गिरे पीओपी के टुकड़े

76

– पीड़ित बुजुर्ग दंपति ने एसपी को ज्ञापन सौंप कॉलोनाइजर पर कार्रवाई की मांग की
हनुमानगढ़ । केजीएस सिटी सूरतगढ़ रोड स्थित एक आवासीय मकान में घटिया निर्माण सामग्री के कारण गंभीर क्षति होने का मामला सामने आया है। मकान की दीवारों में गहरी दरारें आने के साथ ही अब छत से पीओपी के बड़े-बड़े टुकड़े गिरने लगे हैं, जिससे मकान में रह रहे बुजुर्ग दंपति की जान को खतरा बना हुआ है। इस संबंध में पीड़िता सुमित्रा देवी ने जिला पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर कॉलोनाइजर के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पीड़िता सुमित्रा देवी ने बताया कि उन्होंने करीब एक वर्ष पूर्व केजीएस सिटी कॉलोनी में मकान संख्या 44 (पैमाइश 25×45 फुट) कॉलोनाइजर कुलदीप सहारण से खरीदा था। मकान का आवासीय पट्टा उनके नाम से बना हुआ है। आरोप है कि मकान निर्माण में अत्यंत घटिया सामग्री का उपयोग किया गया, जिसके चलते कुछ ही समय में दीवारों में दरारें आ गईं। हालात तब और बिगड़ गए जब कॉलोनाइजर द्वारा पास के प्लॉट में पानी छोड़ दिया गया, जिससे मकान की 45 फुट लंबी दीवार में गहरी दरारें पड़ गईं।
पीड़िता के अनुसार जब उन्होंने और उनके पति रामचंद्र शर्मा ने कॉलोनाइजर से शिकायत की तो उनके साथ गाली-गलौच की गई और मकान पर कब्जा करने व पट्टा निरस्त करवाने की धमकी दी गई। पीड़िता के पति शुगर व हार्ट के मरीज हैं और घटना के बाद उनकी तबीयत भी बिगड़ गई। दोनों पति-पत्नी की उम्र क्रमशः 65 और 70 वर्ष है।
पीड़िता ने बताया कि डीएसपी कार्यालय में समझौते के बाद कॉलोनाइजर ने मरम्मत का आश्वासन दिया था, लेकिन केवल आधा-अधूरा काम कर बाकी कार्य से मुकर गया। दरारें भरने के बाद भी कुछ ही दिनों में वे दोबारा उभर आईं और अब छत से पीओपी के टुकड़े गिरने लगे हैं, जिससे बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।