– राजकीय महात्मा गांधी चिकित्सालय के पास वर्षों से जारी है निःशुल्क रोटी सेवा, मरीजों व परिजनों को मिल रहा लाभ
हनुमानगढ़ टाउन में मकर संक्रांति एवं लोहड़ी के पावन अवसर पर श्री संत सज्जन चेरिटेबल ट्रस्ट की ओर से राजकीय महात्मा गांधी चिकित्सालय के समीप फ्री रोटी सेवा केंद्र पर विशाल ब्रेड पकोड़ों का भंडारा आयोजित किया गया। इस भंडारे का आयोजन शहर के दानदाताओं एवं समाजसेवियों के सहयोग से किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में मरीजों, उनके परिजनों तथा आमजन ने प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर फ्री रोटी सेवा के अध्यक्ष हरपाल सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि श्री संत सज्जन चेरिटेबल ट्रस्ट द्वारा जन सहयोग से यह दूसरा विशाल ब्रेड पकोड़ा भंडारा आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि सेवा कार्य तभी सफल होते हैं जब समाज के सभी वर्ग मिलकर सहयोग करते हैं। इस आयोजन में नंदू मित्तल एवं यमन मित्तल (सूरत) की ओर से तीन टिन तेल, दौलत सिंह द्वारा एक टिन तेल, रवि चौधरी द्वारा दो टिन तेल, विष्णु पुरोहित द्वारा दो टिन तेल तथा सोनू मोनू द्वारा 50 किलो बेसन की सेवा प्रदान की गई। वहीं ब्रेड की सेवा निशांत सिंधी की ओर से की गई। ट्रस्ट के उपाध्यक्ष पवन गर्ग ने बताया कि श्रीसंत सज्जन चेरिटेबल ट्रस्ट विगत 6 से 7 वर्षों से राजकीय महात्मा गांधी चिकित्सालय में भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों के लिए निरंतर निःशुल्क रोटी सेवा का आयोजन कर रहा है। उन्होंने बताया कि मरीजों के लिए दलिया व खिचड़ी तथा उनके परिजनों के लिए दाल, रोटी एवं सब्जी की नियमित व्यवस्था शहर के सहयोग से की जा रही है। यह सेवा उन लोगों के लिए अत्यंत सहायक सिद्ध हो रही है जो इलाज के दौरान आर्थिक रूप से असमर्थ होते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि शहर के गणमान्य लोग अपने जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ एवं अपने परिजनों की पुण्यतिथि के अवसर पर यहां आकर रोटी सेवा में सहयोग करते हैं, जिससे सेवा कार्य लगातार जारी रह पा रहा है। इस सेवा कार्यक्रम में ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष वीरेंद्र कुमार सहित विक्रम धूड़िया, सागर धूड़िया, नीरज मंगवाना, साहिल खुराना, नरेश सोनी, नीरज गर्ग, राकेश जिंदल, गौरव छाबड़ा, शेरु आहूजा, कन्हैया लाल,सुनील शर्मा विजय सैनी सहित अनेक कार्यकर्ताओं एवं समाजसेवियों ने पूर्ण सहयोग प्रदान किया। आयोजन के दौरान सेवा, सहयोग और सद्भावना का अद्भुत उदाहरण देखने को मिला।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































