श्री राम मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा की द्वितीय वर्षगांठ पर विशाल भंडारा

112

-हनुमानगढ़ जंक्शन भगत सिंह चौक पर भगवा रंग में सजा शहर, हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद
हनुमानगढ़। अयोध्या में भगवान श्री राम की मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा की द्वितीय वर्षगांठ के पावन अवसर पर श्री श्याम मित्र मंडल हाउसिंग बोर्ड द्वारा शहरवासियों के सहयोग से जंक्शन स्थित भगत सिंह चौक पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। धार्मिक आस्था और उत्साह से परिपूर्ण इस आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर प्रसाद ग्रहण किया और भगवान श्री राम के जयकारों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
इस शुभ अवसर पर श्री श्याम मित्र मंडल द्वारा जंक्शन बाजार एवं मुख्य चौक भगत सिंह चौक से चारों दिशाओं को भगवा रंग से भव्य रूप से सजाया गया। पूरे क्षेत्र में भगवा ध्वज, झंडियां और सजावटी लाइटें लगाई गईं, जिससे शहर में उत्सव जैसा माहौल बन गया। चौक पर स्थापित भगवान श्री राम की प्रतिमा का विशेष श्रृंगार कोलकाता से मंगाए गए आकर्षक और सुगंधित फूलों से किया गया, जिसने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
भंडारे की शुरुआत विधिवत पूजा-अर्चना के साथ की गई। श्री श्याम मित्र मंडल के अध्यक्ष दिनेश चोथवानी, समिति सदस्य दयाल सुमराणी, सौरभ गर्ग, जसप्रीत सिंह, रवि मखीजा, अनिल सिंह राठौड़, जितेंद्र तेजवानी, हिमांशु गर्ग, रजत तंवर,जतिन छाबड़ा, मानव सोनी, डॉ. प्रथम मिड्ढा, दौलत सिंह शेखावत , प्रियांशु सहित अन्य सदस्यों ने भगवान श्री राम की पूजा-अर्चना की तथा सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया। इसके पश्चात भंडारे का शुभारंभ किया गया।
भंडारे में श्रद्धालुओं के लिए छोले, पूरी, हलवा, चाय और बिस्कुट की व्यवस्था की गई थी। आयोजन स्थल पर सुबह से ही लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी और देर शाम तक हजारों लोगों ने श्रद्धा भाव से प्रसाद ग्रहण किया। समिति के सदस्यों और स्वयंसेवकों ने अनुशासन एवं सेवा भाव के साथ प्रसाद वितरण किया, जिससे व्यवस्था सुचारु बनी रही।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।