रामसरा नारायणा में ग्रामीण सेवा शिविर में सैकड़ों लोग हुए लाभान्वित

154

-विद्यालय में व्याख्याता पद स्वीकृति व पंजाबी विषय जोड़ने की रखी मांग, किसानों ने भी दिया ज्ञापन
हनुमानगढ़। ग्राम पंचायत रामसरा नारायणा में शनिवार को आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर जनकल्याण का केंद्र बन गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लिया। इस अवसर पर मुख्य कार्यकारी अधिकारी ओ.पी. बिश्नोई, एसीओ देसराज, पंचायत प्रशासक रमनदीप कौर एवं सरपंच प्रतिनिधि हरदीप सिंह रोड़ीकपूरा उपस्थित रहे। शिविर में सैकड़ों लोगों को पट्टों का वितरण किया गया, वहीं विश्वकर्मा पेंशन योजना, सोहन हेल्थ कार्ड तथा सरसों के बीज भी पात्र लाभार्थियों को प्रदान किए गए। शिविर के दौरान ग्राम पंचायत प्रशासन की ओर से महिलाओं एवं बच्चों को भी विशेष रूप से लाभान्वित किया गया। कार्यक्रम के तहत 5 महिलाओं का गोद भराई संस्कार संपन्न हुआ, जिसमें उन्हें पोषण किट और सुपोषण की शपथ दिलाई गई। इस पहल से ग्रामीण महिलाओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला। पंचायत प्रशासन ने बताया कि शिविर के माध्यम से राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को लाभ मिल सके।
इसी अवसर पर प्रशासक रमनदीप कौर व सरपंच प्रतिनिधि हरदीप सिंह रोड़ीकपूरा ने सभागीय आयुक्त के नाम एक ज्ञापन प्रशासनिक प्रतिनिधि सिंचाई विभाग के एसी रामाकिशन व पंचायत समिति विकास अधिकारी रामेश्वर लाल को सौंपा। ज्ञापन में ग्राम पंचायत की ओर से राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय रामसरा नारायणा में व्याख्याता गणित, कृषि विज्ञान एवं सामाजिक विज्ञान के पद स्वीकृत करवाने की मांग की गई। साथ ही विद्यालय में कला संकाय एवं पंजाबी विषय को स्वीकृति प्रदान करने की भी अपील की गई। ज्ञापन में कहा गया कि विद्यालय में विज्ञान संकाय के अंतर्गत जीव विज्ञान एवं कृषि विज्ञान विषय संचालित हैं, लेकिन गणित, कृषि विज्ञान एवं सामाजिक विज्ञान के उच्च अध्ययन के लिए विद्यार्थियों को अन्यत्र विद्यालयों में जाना पड़ता है। पिछले आठ वर्षों से विद्यालय में इन विषयों का अध्यापन स्थानीय स्तर पर संचालित हो रहा है, परंतु व्याख्याता पद स्वीकृत न होने से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा में कठिनाई होती है। प्रतिनिधियों ने कहा कि यदि विद्यालय में व्याख्याता पद स्वीकृत कर दिए जाएं तो गांव के विद्यार्थियों को अपने ही क्षेत्र में उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। साथ ही, पंजाबी विषय को भी विद्यालय में शामिल किया जाए ताकि मातृभाषा के प्रति छात्रों की समझ व सम्मान बढ़ सके।
शिविर में उपस्थित अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि ज्ञापन को आगे कार्रवाई हेतु संबंधित विभागों तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा का सुदृढ़ीकरण पंचायत की प्राथमिकता है और इस दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
वहीं, इसी शिविर में भारतीय किसान यूनियन के उपाध्यक्ष काका सिंह ने भी सभागीय आयुक्त के नाम एक ज्ञापन सौंपा। उन्होंने 20 एसएसडब्ल्यू के नहरी मोगों में सीसीए के अनुसार पानी उपलब्ध करवाने की मांग की। साथ ही, नरमा और मूंग की सरकारी खरीद शीघ्र प्रारंभ करने का आग्रह किया ताकि किसानों को उचित मूल्य मिल सके और फसलों की समय पर निकासी सुनिश्चित हो सके।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।