बरेली में जुमे पर ‘आई लव मोहम्मद’ (I Love Muhammad) विवाद को लेकर 3 जगहों पर बवाल हो गया। पुलिस ने हालात पर काबू पाने के लिए लाठीचार्ज किया। लोगों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। इससे भगदड़ मच गई।
प्रदर्शनकारी आला हज़रत दरगाह और आईएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर रज़ा खान के घर के बाहर ‘आई लव मोहम्मद’ के पोस्टर लिए हुए जमा हुए। दोनों जगहों पर भारी सुरक्षा व्यवस्था तैनात की गई है। इससे पहले एक स्थानीय मस्जिद के बाहर ‘आई लव मुहम्मद’ लिखे बैनर और नारे लगाए गए।
मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जुमे की नमाज़ के बाद, लोगों ने “आई लव मुहम्मद” के बैनर लेकर और “अल्लाहु अकबर” जैसे नारे लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया। जब पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को शांत करने की कोशिश की और स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई, तो उन्होंने व्यवस्था बहाल करने के लिए लाठीचार्ज किया। वहीं पुलिस ने कहा कि बरेली में हालात फिलहाल सामान्य हैं।
बारादरी और प्रेमनगर क्षेत्र में भी बवाल हुआ है। पुलिस ने शहर में बाजार बंद कराए हैं। फिलहाल, पुलिस ने मौलाना तौकीर रजा को हिरासत में ले लिया है। मौलाना तौकीर रजा इत्तेहाद-ए-मिल्लत काउंसिल (IMC) के अध्यक्ष है। इन पर 2010 में बरेली में दंगा करवाने का भी आरोप है। मामला अभी कोर्ट में है।
बरेली के तीन इलाकों में बवाल
बरेली के तीन थाना क्षेत्रों सदर कोतवाली, प्रेमनगर, बारादरी में बवाल हो रहा है। इन तीनों क्षेत्रों में पुलिस पर पथराव किया गया। पुलिस ने लाठीचार्ज कर सभी को खदेड़ दिया। सड़कों पर पुलिस तैनात है। इस बीच भी लोग छतों और खिड़कियों से पुलिस पर पथराव कर रहे हैं। बवाल बढ़ने पर बरेली के अलावा शाहजहांपुर, बदायूं, पीलीभीत, मुरादाबाद, रामपुर, अमरोहा, संभल और बिजनौर से भी पुलिस फोर्स पहुंची है।
बरेली की सड़कों पर इस समय लगातार डीएम अविनाश सिंह, एडीजी जोन रमित शर्मा, डीआईजी अजय साहनी, एसपी सिटी मानुष पारिक, एसपी साउथ अंशिका वर्मा, एसपी नार्थ मुकेश चंद्र मिश्रा, एसपी ट्रैफिक मोहम्मद अजमल गश्त कर रहे हैं।

क्या है मामला?
यह विवाद उत्तर प्रदेश के कानपुर से शुरू हुआ। बारावफात (ईद मिलाद-उन्नबी) के जुलूस के दौरान एक समूह ने I Love Muhammad लिखा एक बैनर/लाइटबोर्ड जुलूस मार्ग पर लगाया। स्थानीय हिंदू संगठनों ने इसका विरोध किया।पुलिस ने बैनर हटाए गए और 9 लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज की। 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई। बाद में यह विवाद बढ़ गया और कई अन्य शहरों व राज्यों में ‘I Love Muhammad’ के समर्थन में रैलियां, बैनर और पोस्टर लगे। हिंदू समुदाय ने इसके जवाब में “I Love Mahadev/Mahakaal” जैसे बैनर लगाए।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































