संभाग की सबसे बड़ी रामलीला में बालाजी महाराज को लगे 17 सवामणी के भोग

149
श्रद्धालुओं ने दक्षिणमुखी बालाजी की झांकी के दर्शन कर मांगी मनोतियां
हनुमानगढ़। टाउन स्थित नगर परिषद रामलीला रंगमंच पर श्रीरामलीला समिति द्वारा आयोजित संभाग की सबसे बड़ी रामलीला के नौवें दिन का आयोजन भव्य रूप से सम्पन्न हुआ। इस दिन की आरती श्री सनातन धर्म महावीर दल न्यास के सदस्यों द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना के साथ की गई। कार्यक्रम में दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं ने इच्छापूर्ण दक्षिणमुखी बालाजी महाराज की संजीवन झांकी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। झांकी के पश्चात रामलीला मंच पर भगवान श्रीराम द्वारा सीता की खोज करते हुए ऋषिमुख पर्वत पर पहुंचने का प्रसंग प्रस्तुत किया गया। इस दौरान हनुमान-राम मिलाप एवं राम-सुग्रीव मित्रता का मंचन पुराने अनुभवी कलाकारों ने बेहद सुंदर ढंग से किया। पूरे मैदान में दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ी रही। दक्षिणमुखी बालाजी महाराज की विशेष मान्यता है कि यहां मनौती मांगने वाले भक्तों की इच्छा अवश्य पूर्ण होती है। मनोकामना पूरी होने पर श्रद्धालु बालाजी को सवामणी का भोग एवं वस्त्र (बाना) चढ़ाते हैं। बीती रात कुल 17 सवामणी के भोग अर्पित किए गए। इनमें केले, सेव, चूरमा, पान व विभिन्न मिठाइयों की सवामणी शामिल रही। बाद में यह प्रसाद श्रद्धालुओं में वितरित किया गया। विशेष बात यह है कि बालाजी के बाने (ड्रेस) की बुकिंग वर्ष 2036 तक पूर्ण हो चुकी है, जो भक्तों की गहरी आस्था को दर्शाती है। रामलीला समिति के सचिव दिनेश तलवाड़िया ने बताया कि दक्षिणमुखी बालाजी की झांकी के दिन देशभर से श्रद्धालु आते हैं। इस वर्ष यूपी के सहारणपुर, बंगलुरु सहित विभिन्न स्थानों से बड़ी संख्या में भक्तों ने दर्शन कर अपनी मनोति उतारी। समिति अध्यक्ष अर्चित अग्रवाल ने जानकारी दी कि प्रति वर्ष  की भाति इस वर्ष भी प्रतिदिन देवी-देवताओं की झांकी का तिलक 100 ग्राम चांदी के सिक्के से किया जा रहा है। मान्यता है कि यह सिक्का अत्यंत शक्तिशाली बन जाता है। यह चांदी का सिक्का 3 अक्टूबर 2025 की रात 12.15 बजे श्रीराम के हाथों लकी ड्रा द्वारा निकाला जाएगा। जिस भक्त के भाग्य में यह सिक्का होगा, उसे स्वयं भगवान श्रीराम मंच पर अपने हाथों से यह पावन स्मृति देंगे। रामलीला का मंचन डायरेक्टर प्रेम पारिक और उपडायरेक्टर अशोक मिड़ढा के निर्देशन में हो रहा है। समिति के संरक्षक बालकृष्ण गोल्याण, पवन खद्रिया, उपाध्यक्ष सज्जन बंसल, स्टेज प्रभारी सुंदर बंसल, हेमंत शर्मा, बालकिशन खद्रिया, सतीश गर्ग, तिलक सुधाकर, चॉदरतन खदरिया सहित अन्य पदाधिकारी सक्रिय रूप से आयोजन में सहयोग कर रहे हैं। सनातन धर्म महावीर दल के कैप्टन सोनू बंसल व दल के स्वयंसेवक भी व्यवस्था में जुटे रहे। मंच संचालन का दायित्व मंच सचिव प्रह्लाद गुप्ता ने निभाया।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।