तीसरी कांवड़ यात्रा में हरिद्वार से गंगाजल लाने निकलीं बेटियां, होगी भव्य शोभायात्रा से अगवानी

134

हनुमानगढ़। सावन के पावन माह में शिव भक्ति का उत्साह पूरे क्षेत्र में चरम पर है। हर तरफ “बम बम भोले” के जयकारे गूंज रहे हैं। इसी श्रृंखला में हनुमानगढ़ की बेटियों ने भी शिव भक्ति की अलख जगाने का बीड़ा उठाया है। शनिवार को श्री नीलकंठ महादेव सेवा प्रन्यास द्वारा संचालित काशी विश्वनाथ महादेव मंदिर, जंक्शन से तीसरी कांवड़ यात्रा की शुरुआत की गई, जिसमें हनुमानगढ़ की महिला बास्केटबॉल खिलाड़ियों की टोली हरिद्वार के लिए रवाना हुई। रवानगी से पूर्व पंडित धर्मेन्द्र शास्त्री व पंडित हरि ओम के सानिध्य में भगवान भोलेनाथ की विधिवत पूजा अर्चना की गई।
सेवा प्रन्यास अध्यक्ष अश्विनी नारंग ने बताया कि यह कांवड़ यात्रा हर वर्ष आयोजित की जाती है, जिसमें बेटियां कोच विकास अग्रवाल के नेतृत्व में भाग लेती हैं। वे हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर शिवरात्रि के दिन पैदल यात्रा करते हुए हनुमानगढ़ लौटती हैं। यहां पहुंचकर गंगाजल से काशी विश्वनाथ मंदिर में स्थित शिवलिंग का अभिषेक किया जाता है। यह परंपरा न केवल धार्मिक श्रद्धा का प्रतीक है, बल्कि बेटियों की आस्था, संकल्प शक्ति और सामाजिक सहभागिता को भी दर्शाती है।
अश्विनी नारंग ने बताया कि इस बार की यह तीसरी कांवड़ यात्रा है। खास बात यह है कि इस यात्रा में भाग लेने वाली सभी बेटियां न केवल खेल जगत से जुड़ी हुई हैं, बल्कि सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। यह कांवड़ यात्रा क्षेत्र में महिलाओं के बढ़ते आत्मविश्वास और धार्मिक आस्था का एक अनुपम उदाहरण बन रही है। बेटियों के हरिद्वार से लौटने पर हनुमानगढ़ में भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी और जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया जाएगा। समाज के विभिन्न वर्गों ने इस पहल का स्वागत करते हुए बेटियों को शुभकामनाएं दी हैं। इस मौके पर चिमन मित्तल बब्बू, भीष्म कौशिक, सुरेन्द्र गाड़ी, कालूराम शर्मा, विजय भूतना, अनिल शर्मा सहित अन्य प्रन्यास सदस्य मौजूद थे।

ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।