निःशुल्क विशेष योग्यजन सहायक उपकरण वितरण शिविर का शुभारंभ

97

-17 से 19 जनवरी तक हनुमानगढ़ जंक्शन की दुर्गा मंदिर धर्मशाला में मिलेगा कृत्रिम अंग व अन्य सुविधाओं का लाभ
हनुमानगढ़। 
विशेष योग्यजनों (निःशक्तजनों) को आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने की दिशा में एक सराहनीय पहल के तहत निःशुल्क विशेष योग्यजन सहायक उपकरण वितरण शिविर का शुभारंभ आज हनुमानगढ़ जंक्शन में किया गया। यह विशाल शिविर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, जिला प्रशासन हनुमानगढ़ तथा श्री हरिनारायण सेवा समिति, रायसिंहनगर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। शिविर में जिला विकलांग संघ एवं श्री भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति, जयपुर का विशेष सहयोग प्राप्त है। यह शिविर 17 से 19 जनवरी 2026 तक श्री दुर्गा मंदिर धर्मशाला न्यास परिसर, बस स्टैंड के पीछे, हनुमानगढ़ जंक्शन में आयोजित होगा।
शिविर के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि पूर्व उपसभापति कालूराम शर्मा रहे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में समाजसेवी कमल सिंगला, समाजसेवी इकबाल सिंह, राजकीय विद्यालय के प्राचार्य सीताराम सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री हरिनारायण सेवा समिति के अध्यक्ष कुलदीप सिंह गिल ने की। उद्घाटन अवसर पर अतिथियों ने दीप प्रज्वलन कर शिविर का विधिवत शुभारंभ किया।
मुख्य अतिथि समाजसेवी इकबाल सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि विशेष योग्यजनों के लिए ऐसे शिविर उनके जीवन में आत्मविश्वास और स्वावलंबन की नई राह खोलते हैं। उन्होंने आयोजक संस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि समाज के वंचित वर्ग के लिए किया गया यह प्रयास अनुकरणीय है। समाजसेवी कमल सिंगला एवं इकबाल सिंह ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि निःशुल्क सहायक उपकरण मिलने से विशेष योग्यजनों को दैनिक जीवन में काफी सहूलियत मिलेगी।
आयोजकों ने बताया कि जयपुर से श्री भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति की विशेषज्ञ टीम अपनी पूर्ण वर्कशॉप एवं आधुनिक उपकरणों के साथ शिविर में मौजूद है। टीम द्वारा जरूरतमंद विशेष योग्यजनों की जांच कर उनकी आवश्यकता के अनुसार निःशुल्क कृत्रिम पैर, कृत्रिम हाथ, कैलीपर, बैशाखी, ट्रायसाइकिल, व्हील चेयर, कान की मशीन, वॉकर सहित अन्य सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।