– राजस्थान टीम और जिला हनुमानगढ़ के बीच हुआ रोमांचक मुकाबला
हनुमानगढ़, 9 नवम्बर। भटनेर फुटबॉल क्लब के तत्वावधान में सीनियर राजस्थान फुटबॉल टीम का कैंप पी.जी. कॉलेज ग्राउंड में 4 नवम्बर से 28 नवम्बर 2025 तक आयोजित किया जा रहा है। इस कैंप का उद्देश्य राज्य स्तर की फुटबॉल प्रतिभाओं को निखारना और आगामी प्रतियोगिताओं के लिए खिलाड़ियों को तैयार करना है। कैंप के तहत आज सीनियर राजस्थान फुटबॉल टीम और जिला हनुमानगढ़ टीम के बीच एक रोमांचक मैत्री मैच खेला गया, जिसमें दोनों टीमों ने शानदार खेल भावना और कौशल का प्रदर्शन किया। इस मौके पर राजस्थान फुटबॉल टीम के मुख्य कोच सुनील राव जयपुर से विशेष रूप से उपस्थित रहे। उनके मार्गदर्शन में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और खेल के हर पहलू पर विशेष प्रशिक्षण प्राप्त किया। भटनेर फुटबॉल क्लब के सदस्य योगेश स्वामी, गिरदावर निसार अहमद, गजेन्द्र सिंह, नवीन सोनी और नरेंद्र शर्मा ने आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाई। वहीं रेलवे टीम के कोच यूनुस खान भी अपने अनुभव और तकनीकी ज्ञान से खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देने में जुटे रहे। मैच के दौरान खिलाड़ियों ने तेज पासिंग, मजबूत डिफेंस और शानदार गोल प्रयासों से दर्शकों का दिल जीत लिया। दर्शकों ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन कर मैदान में जोश भर दिया। इस अवसर पर पी.टी.आई. आदिल खान और सुबा सिंह ने भी उपस्थित रहकर खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया। भटनेर फुटबॉल क्लब के प्रतिनिधियों ने बताया कि इस कैंप के माध्यम से प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को चयनित कर भविष्य की राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार किया जाएगा। यह कैंप न केवल खिलाड़ियों के कौशल को बढ़ाने का माध्यम है, बल्कि उन्हें अनुशासन, टीम भावना और खेल संस्कृति की शिक्षा भी दे रहा है। क्लब के जिला सचिव गुलजार अहमद ने कहा प्रथम बार हनुमानगढ़ कों मोका मिला है किसी राजस्थान फुटबॉल टीम का कैंप लगाने का मौका मिला है, यह भटनेर फुटबॉल क्लब की कोशिश से सम्भव हुआ और आने वाले दिनों में ऐसे आयोजन निरंतर किए जाएंगे, ताकि हनुमानगढ़ और आसपास के युवाओं को खेलों में आगे बढ़ने का अवसर मिल सके। राजस्थान फुटबॉल के सुनहरे भविष्य की दिशा में यह कैंप एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहा है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































