– 27 अगस्त से हो रहा आयोजन, आज हुआ भव्य रुक्मणि विवाह का आयोजन
हनुमानगढ़। बालाजी मित्र मंडली सेवा समिति हनुमानगढ़ जंक्शन की ओर से इच्छापूर्ण बालाजी मंदिर में क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना को लेकर 27 अगस्त से श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। इस धार्मिक आयोजन के साथ ही समिति द्वारा तीसरे विशाल गणेश महोत्सव का भी आयोजन किया जा रहा है, जिसमें श्रद्धालु पूरे उत्साह और भक्ति भाव से शामिल हो रहे हैं।
भागवत कथा का वाचन अजय कृष्ण शास्त्री व संजीव कृष्ण शास्त्री द्वारा किया जा रहा है, वहीं भजनों के मधुर स्वर विजय शास्त्री प्रस्तुत कर रहे हैं। कथा के दौरान भक्ति, ज्ञान और आध्यात्मिक संदेशों का प्रसार किया जा रहा है, जिससे श्रद्धालु भाव-विभोर हो रहे हैं।
मंगलवार को कथा में रुक्मणी विवाह प्रसंग का आयोजन हुआ। इस अवसर पर मुख्य यजमान भीमराज सैनी सहित अन्य श्रद्धालुओं ने कन्यादान की पावन रसम अदा की। कथा के इस भावपूर्ण प्रसंग ने श्रद्धालुओं को अध्यात्मिक आनन्द से सराबोर कर दिया।
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि कथा का समापन हवन यज्ञ में पूर्णाहुति के पश्चात विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें क्षेत्रभर के श्रद्धालुओं को आमंत्रित किया गया है।
आयोजन को सफल बनाने में समिति के अनेक पदाधिकारी और सदस्य लगातार जुटे हुए हैं। इनमें जगदीश प्रसाद सैनी, ओम प्रकाश सैनी, सांवरमल सैनी, रामअवतार पाल, बनवारी लाल सैनी, प्रेम प्रकाश रावत, श्यामलाल चावला, महेश सैनी, पैपाराम सैनी, नरेन्द्र शेखावत, संजीव सैनी, अभिषेक रावत, राकेश सैनी, कुलदीप रावत, वरुण चावला, भीमराज सैनी, विजय कौशिक, नरेश कुमार कौशिक, मोहित पाल, सोनू भदौरिया, पुजारी जगरूप प्रसाद तथा समस्त बालाजी मित्र मंडली सेवा समिति के सदस्य सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
समिति का कहना है कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में आपसी भाईचारा और सद्भाव बढ़ता है। साथ ही, नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं से जोड़ने का अवसर भी मिलता है।
श्रद्धालुओं ने भी आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के धार्मिक कार्यक्रम जहां मानसिक शांति प्रदान करते हैं, वहीं सामाजिक एकता को भी सुदृढ़ करते हैं। आगामी दिनों में कथा के अन्य रोचक प्रसंग भी प्रस्तुत किए जाएंगे, जिनका श्रवण करने के लिए श्रद्धालु बड़ी संख्या में जुटेंगे।
इस अवसर पर समिति ने समस्त क्षेत्रवासियों से समापन दिवस पर अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर भक्ति और सेवा भाव से जुड़ने की अपील की है।
ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































