बार संघ हनुमानगढ़ में पुस्तकालय भवन की अत्याधुनिक सुविधाओं का लोकार्पण

113

-अधिवक्ताओं व प्रतियोगी परीक्षार्थियों के लिए समर्पित सुविधा सम्पन्न अध्ययन केंद्र की सौगात
हनुमानगढ़। बार संघ हनुमानगढ़ में पुस्तकालय भवन जीवर्णाद्धार कार्य का लोकार्पण शुक्रवार को विधिक बिरादरी के गौरवमयी सान्निध्य में हुआ। इस अवसर पर जिला एवं सत्र न्यायाधीश डीजे तनवीर चौधरी, एनडीपीएस न्यायाधीश पृथ्वीपाल सिंह, एससी-एसटी मामलों के न्यायाधीश सरिता स्वामी, तथा मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (सीजेएम) सुनीता बेड़ा ने संयुक्त रूप से जीवर्णाद्धार कार्य का लोकार्पण कर शुभारम्भ किया। बार संघ अध्यक्ष नरेन्द्र माली, सचिव प्रकाश रोझ, कोषाध्यक्ष राजीव शर्मा तथा पुस्तकालय अध्यक्ष लोकेश शर्मा ने अतिथियों का स्वागत किया।
लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान पुस्तकालय भवन का निरीक्षण करते हुए न्यायाधीशों ने उपलब्ध कराई गई सुविधाओं की सराहना की। बार संघ अध्यक्ष नरेन्द्र माली ने बताया कि लाखों रुपये की लागत से उक्त पुस्तकालय भवन का जीवर्णाद्धार करते हुए आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित है। भवन में केंद्रीय वातानुकूलन प्रणाली, इन्वर्टर बैकअप, शांत अध्ययन कक्ष तथा व्यवस्थित पुस्तक अलमारियों की व्यवस्था की गई है। अधिवक्ताओं के अध्ययन व अनुसंधान के लिए महत्वपूर्ण कानून संबंधी पुस्तकों के समृद्ध संकलन के साथ-साथ विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में सहायक पुस्तकों को भी स्थान दिया गया है, जिससे युवा अधिवक्ताओं एवं विधि के विद्यार्थियों को भी पर्याप्त लाभ प्राप्त होगा।
नरेन्द्र माली ने कहा कि बार संघ की लंबे समय से चली आ रही पुस्तकालय भवन अत्याधुनिक सुविधाओं से वंचित था अब अत्याधुनिक पुस्तकालय, जो अधिवक्ता समाज की बौद्धिक समृद्धि व पेशागत दक्षता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने बताया कि पुस्तकालय में डिजिटाइज्ड अपडेट्स, विधिक जर्नल, राजपत्र सूचनाएं तथा ताजा सुप्रीम कोर्ट तथा हाईकोर्ट के निर्णयों की जानकारी उपलब्ध कराने की योजना भी प्रस्तावित है, ताकि अधिवक्ता समयानुसार विधिक जानकारियों से लाभान्वित हो सकें।
कोषाध्यक्ष राजीव शर्मा व सचिव प्रकाश रोझ ने निर्माण कार्य में पारदर्शिता व गुणवत्ता को सर्वाेच्च प्राथमिकता देने की जानकारी दी। पुस्तकालय अध्यक्ष लोकेश शर्मा ने कहा कि पुस्तकालय के रखरखाव, पुस्तकों के संरक्षण एवं संसाधनों के विस्तार के लिए संरचित कार्ययोजना तैयार की गई है। उन्होंने बताया कि पठन-पाठन के अनुकूल वातावरण विकसित करने के उद्देश्य से शांत व अनुशासित माहौल, उपयुक्त प्रकाश व्यवस्था व निर्धारित समय सारणी का भी प्रावधान किया गया है।
पुस्तकालय अध्यक्ष लोकेश शर्मा ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों व अधिवक्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बार संघ हनुमानगढ़ अधिवक्ताओं के व्यावसायिक उत्थान के लिए निरंतर सकारात्मक पहल करता रहेगा। लोकार्पण समारोह में बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं की उपस्थिति रही और सभी ने अत्याधुनिक पुस्तकालय भवन की स्थापना को ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए बार संघ की इस पहल का स्वागत किया।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।