कल्याणभूमि में संस्कार स्थल विस्तार कार्य का शुभारम्भ

96

-ब्रह्मलीन बी.एन. कौशिक की प्रेरणा से श्री नीलकंठ महादेव सेवा प्रन्यास कर रहा निरंतर विकास
हनुमानगढ़। श्री नीलकंठ महादेव सेवा प्रन्यास द्वारा संचालित जंक्शन कल्याणभूमि में गुरुवार को भगवान भोलेनाथ की विधिवत पूजा-अर्चना के साथ संस्कार स्थल विस्तार कार्य का शुभारम्भ किया गया। पूजनीय ब्रह्मलीन बी.एन. कौशिक की प्रेरणा से प्रन्यास द्वारा निरंतर किए जा रहे विकास कार्यों की श्रृंखला में यह एक और महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य क्षेत्र के लोगों को बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराना है। शुभारम्भ कार्यक्रम में प्रन्यास के संस्थापक एवं अध्यक्ष अश्विनी नारंग, भीष्म कौशिक, सचिव चिमन मित्तल, प्रचार मंत्री विजय भूतना, अनिल शर्मा, उपाध्यक्ष रामचन्द्र बाघला, महावीर शर्मा, महेश लकेसर सहित अन्य सदस्यों ने पंडित धर्मेन्द्र शास्त्री के सानिध्य में विधिवत पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। पूजा के दौरान सभी सदस्यों ने ब्रह्मलीन बी.एन. कौशिक की सेवा भावना और सामाजिक समर्पण को श्रद्धापूर्वक याद किया।
अश्विनी नारंग ने बताया कि प्रन्यास की स्थापना से ही कल्याणभूमि में जनसुविधाओं के विस्तार के लिए अनेक कदम उठाए गए हैं। ब्रह्मलीन बी.एन. कौशिक की प्रेरणा से यहाँ नियमित रूप से विकास कार्य कराए जा रहे हैं। कुछ समय पूर्व ही कल्याणभूमि परिसर में वातानुकूलित भवन का निर्माण करवाया गया है, जिससे संस्कार के समय आने वाले परिवारजन एवं आम नागरिकों को विश्राम और सुविधा मिल सके। इस भवन ने लोगों को प्रतिकूल मौसम में भी आरामदायक वातावरण उपलब्ध कराया है, जिसकी सराहना लगातार बढ़ रही है।
नारंग ने बताया कि जंक्शन बाजार सहित लगभग 70 प्रतिशत क्षेत्र से जुड़ी कल्याणभूमि में संस्कार स्थल की बेहतर व्यवस्था की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी। इसी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए संस्कार स्थल का विस्तार करने का निर्णय लिया गया। विस्तार कार्य पूर्ण होने के बाद कल्याणभूमि में आने वाले लोगों को अधिक जगह मिलने के साथ ही संस्कार संबंधी व्यवस्थाएँ अधिक सुव्यवस्थित रूप से संचालित हो सकेंगी।
उन्होंने यह भी बताया कि प्रन्यास का मकसद कल्याणभूमि को आधुनिक सुविधाओं से युक्त एक आदर्श स्थल के रूप में विकसित करना है। लोगों की बढ़ती आवश्यकताओं और भावनात्मक जुड़ाव को ध्यान में रखते हुए आने वाले समय में भी कई विकास योजनाएँ लागू की जाएँगी। प्रन्यास के सदस्यों का कहना है कि समाजहित में किए जा रहे इन कार्यों से न केवल स्थानीय निवासियों को सुविधा मिलेगी, बल्कि देवभूमि की पवित्रता और महत्व भी बढ़ेगा।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।