जश्नदीप का राष्ट्रीय स्तर पर धमाका: दो गोल्ड मेडल जीतकर वर्ल्ड चैंपियनशिप में बनाई जगह

196

– बुल्गारिया में वर्ल्ड आर्म रेस्लिंग में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे सरदारपुरा जीवन के बेटे
हनुमानगढ़। 
जिले के गांव सरदारपुरा जीवन का युवा खिलाड़ी जश्नदीप सिंह ने राष्ट्रीय आर्म रेस्लिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए और अब वह अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करने जा रहे हैं। केरला के त्रिशूर में आयोजित नैशनल आर्म रेस्लिंग चैंपियनशिप में जश्नदीप ने 60 किलोग्राम भार वर्ग में ‘राइट हैंड’ और ‘लेफ्ट हैंड’ दोनों श्रेणियों में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया। जश्नदीप की इस सफलता के पीछे उनके कोच मनीष कासनिया की अहम भूमिका रही है। कोच मनीष कासनिया ने बताया कि इस प्रतियोगिता में देशभर से सैकड़ों खिलाड़ियों ने भाग लिया था, जिसमें जश्नदीप ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए सबसे अलग पहचान बनाई। उन्होंने ‘राइट हैंड’ के फाइनल मुकाबले में दिल्ली के प्रतिभागी को हराकर गोल्ड मेडल जीता, जबकि ‘लेफ्ट हैंड’ के फाइनल में उत्तराखंड के खिलाड़ी को मात देकर दूसरी बार स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

इस ऐतिहासिक जीत के साथ ही जश्नदीप का चयन 22 सितंबर से यूरोप के बुल्गारिया में होने वाली वर्ल्ड आर्म रेस्लिंग चैंपियनशिप के लिए हुआ है। यह न केवल हनुमानगढ़ बल्कि पूरे राजस्थान के लिए गर्व का क्षण है कि यहां का एक ग्रामीण क्षेत्र का युवा अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का परचम लहराने जा रहा है। रविवार को हनुमानगढ़ पहुंचने पर खेलप्रेमियों, ग्रामवासियों और खेल संघ के सदस्यों ने जश्नदीप का जोरदार स्वागत किया। फूल-मालाओं से लादकर और ढोल-नगाड़ों के साथ विजेता खिलाड़ी का अभिनंदन किया गया। जश्नदीप की इस उपलब्धि से क्षेत्र के युवाओं में खेलों के प्रति नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ है। ज्ञात हो कि जश्नदीप ने अपने खेल का प्रशिक्षण हनुमानगढ़ स्थित “क्लब आयरन हैड” में प्राप्त किया था, जहां से उन्होंने कड़ी मेहनत और अनुशासन के बल पर खुद को राष्ट्रीय स्तर तक साबित किया। अब उनकी नजर वर्ल्ड चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीतने पर है। हनुमानगढ़ वासियों को उम्मीद है कि जश्नदीप वहां भी भारत का नाम रोशन करेंगे।

ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।