न्यायिक अधिकारियों ने दी साइकिल पर उपस्थिति, पर्यावरण संरक्षण व स्वास्थ्य के लिए प्रेरित किया

134

– हनुमानगढ़ साइकिलिंग क्लब के छह वर्ष पूर्ण होने पर न्यायालय परिसर में हुआ स्वागत, साइकिलिंग मुहिम को मिली सराहना
हनुमानगढ़। पर्यावरण संरक्षण और स्वास्थ्य जागरूकता की दिशा में एक प्रेरणादायी पहल के रूप में शुक्रवार को जिला न्यायालय परिसर में एक विशेष दृश्य देखने को मिला। अवसर था हनुमानगढ़ साइकिलिंग क्लब के गठन के छह वर्ष पूर्ण होने का, जब न्यायिक अधिकारियों ने स्वयं साइकिल पर सवार होकर न्यायालय पहुंचकर साइकिलिंग की इस मुहिम को प्रोत्साहित किया।
अनुसूचित जाति व जनजाति न्यायालय विशिष्ट न्यायाधीश डॉ. सरिता स्वामी, अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश संख्या एक दीपक पाराशर, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सुनीता बेड़ा, अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट रविप्रकाश बाकोलिया तथा ग्राम न्यायालय के न्यायाधिकारी अविनाश चांगल शुक्रवार सुबह साइकिल पर जिला न्यायालय परिसर पहुंचे। उनके न्यायालय परिसर में आगमन पर अधिवक्ताओं की ओर से माला पहनाकर उनका जोरदार स्वागत किया गया।
अनुसूचित जाति व जनजाति न्यायालय विशिष्ट न्यायाधीश डॉ. सरिता स्वामी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए हर नागरिक को योगदान देना चाहिए। यदि संभव हो तो प्रतिदिन साइकिल से कार्यस्थल जाएं, अन्यथा सप्ताह में एक दिन साइकिल का उपयोग अवश्य करें। इससे न केवल पर्यावरण का संतुलन बना रहेगा, बल्कि व्यक्ति स्वस्थ रहेगा और देश के लिए ईंधन की भी बचत होगी।
अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश संख्या एक दीपक पाराशर ने हनुमानगढ़ साइकिलिंग क्लब द्वारा अधिवक्ताओं और नागरिकों के साथ मिलकर चलाई जा रही यह मुहिम अत्यंत सराहनीय है।
आयोजन समिति सदस्य जोधा सिंह भाटी व पुष्पेंद्र शेखावत ने बताया कि हनुमानगढ़ साइकिलिंग क्लब से अब तक लगभग 1200 सदस्य जुड़ चुके हैं। इनमें अधिवक्ता, खिलाड़ी, सरकारी अधिकारी, निजी क्षेत्र के कर्मचारी व आम नागरिक शामिल हैं। उन्होंने कहा कि क्लब के प्रयासों से अब कई नागरिक अपने घर से कार्यस्थल तक साइकिल से आने-जाने लगे हैं, जिससे शहर में साइकिलिंग के प्रति रूझान बढ़ा है। शेखावत ने कहा, “साइकिल चलाना न केवल स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है बल्कि इससे जीवन में आलस्य स्वतः समाप्त हो जाता है और व्यक्ति ऊर्जावान महसूस करता है।”
उन्होंने बताया कि क्लब 12 अक्टूबर को अपने छह वर्ष पूर्ण होने पर विशेष आयोजन करने जा रहा है। इस दिन क्लब के सदस्य टाउन स्थित सेंट्रल पार्क से जंक्शन में जिला एवं सेशन न्यायाधीश के आवास तक लगभग दस किलोमीटर की दूरी साइकिल से तय करेंगे। इसके बाद न्यायिक, प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी, अधिवक्ता, खिलाड़ी व अन्य नागरिक भी साइकिल पर सवार होकर पुनः सेंट्रल पार्क पहुंचेंगे।
सेंट्रल पार्क में इस अवसर पर बीस मिनट का जुम्बा एक्सरसाइज कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके पश्चात प्रतिभागियों के लिए योग सत्र रखा गया है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिकों को नियमित शारीरिक गतिविधियों के लिए प्रेरित करना और साइकिलिंग को एक स्वस्थ जीवनशैली का हिस्सा बनाना है।
इस अवसर पर बाल कल्याण समिति के पूर्व अध्यक्ष जोधासिंह, अलंकार सिंह, सतपाल लिम्बा, चन्द्रकैलाश स्वामी, भगवान दास रोहिल्ला, उग्रसेन नैण, गुरपाल सिंह, अल्ताफ मोहम्मद, राजीव शर्मा, हेमलता खिच्ची, गुरदेव सिंह, हेमराज वधवा, नरेन्द्र सारस्वत, राजेश भाकर, शालू रानी, रंजना सहित अनेक अधिवक्ता एवं नागरिक मौजूद रहे।
हनुमानगढ़ साइकिलिंग क्लब की इस पहल ने न केवल न्यायिक अधिकारियों को प्रेरित किया बल्कि आमजन के बीच भी पर्यावरण एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का सशक्त संदेश दिया।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।