खो-खो व रस्साकशी में खिलाड़ियों ने दिखाया जोश और टीम भावना

117
हनुमानगढ़। जंक्शन स्थित बेबी हैप्पी पीजी कॉलेज में आयोजित खेल महोत्सव के तीसरे दिन बुधवार को खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला। इस दिन प्रमुख रूप से खो-खो एवं रस्साकशी जैसी पारंपरिक एवं लोकप्रिय खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें छात्र-छात्राओं ने पूरी ऊर्जा, अनुशासन और खेल भावना के साथ भाग लिया। खेल मैदान तालियों और उत्साहवर्धन के नारों से गूंजता रहा।
खो-खो प्रतियोगिता में विभिन्न टीमों के बीच कड़े और रोमांचक मुकाबले हुए। खिलाड़ियों ने फुर्ती, रणनीति और तालमेल का शानदार प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का दिल जीत लिया। वहीं रस्साकशी प्रतियोगिता में टीमों की शक्ति, संतुलन और एकजुटता देखने लायक रही। हर मुकाबले में खिलाड़ियों का जोश चरम पर नजर आया और खेल भावना की मिसाल देखने को मिली।
बेबी हैप्पी पीजी कॉलेज के निदेशक तरुण विजय ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल महोत्सव विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि खेलों से शारीरिक मजबूती के साथ-साथ मानसिक सुदृढ़ता, आत्मविश्वास और अनुशासन का विकास होता है। आज की प्रतिस्पर्धात्मक दुनिया में पढ़ाई के साथ खेलों को अपनाना बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि बेबी हैप्पी पीजी कॉलेज शिक्षा के साथ-साथ खेलों के क्षेत्र में भी निरंतर आगे बढ़ रहा है और विद्यार्थियों को हर स्तर पर आगे बढ़ने के अवसर प्रदान कर रहा है।
कॉलेज के चेयरमैन आशीष विजय ने अपने संबोधन में कहा कि खेल जीवन को सकारात्मक दिशा देने का कार्य करते हैं। खेलों के माध्यम से टीम वर्क, नेतृत्व क्षमता, सहनशीलता और निर्णय लेने की क्षमता विकसित होती है। उन्होंने कहा कि खो-खो और रस्साकशी जैसे खेल हमारी सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़े हुए हैं, जो विद्यार्थियों को अपनी जड़ों से जोड़ने का कार्य करते हैं। कॉलेज प्रबंधन का उद्देश्य विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा के साथ-साथ स्वस्थ और अनुशासित जीवन की ओर प्रेरित करना है।
उन्होंने सभी खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेने और हार-जीत को समान रूप से स्वीकार करने का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान प्राचार्य, शिक्षकगण, खेल प्रशिक्षक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। खेल समिति के सदस्यों ने प्रतियोगिताओं का सफल संचालन किया। खेल महोत्सव के आगामी दिनों में अन्य खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।