भादरा में किसानों पर लाठीचार्ज के विरोध में भड़की किसान सभा

246

-अखिल भारतीय किसान सभा ने लाल चौक पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का पुतला फूंका, दोषियों पर कार्रवाई की मांग
हनुमानगढ़। भादरा में डीएपी खाद लेने पहुंचे किसानों पर पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज की घटना के विरोध में शनिवार को अखिल भारतीय किसान सभा हनुमानगढ़ ने जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान सभा से जुड़े नेताओं और किसानों ने हनुमानगढ़ के लाल चौक पर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का पुतला जलाकर अपना रोष व्यक्त किया। सभा ने दोषी पुलिसकर्मियों, कृषि अधिकारियों और स्थानीय उपखंड अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
सभा की अध्यक्षता किसान नेता रघुवीर वर्मा ने की। उन्होंने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार पूरी तरह किसान और मजदूर विरोधी है। किसानों को डीएपी खाद लेने के लिए मजबूरी में लंबी कतारों में लगना पड़ रहा है, और जब वे अपने अधिकार की मांग करते हैं तो उन्हें लाठियों से पीटा जाता है। उन्होंने कहा कि यह सरकार किसानों के हितों की रक्षा करने में पूरी तरह विफल रही है। पूरे राजस्थान में नकली खाद और बीज के मामले लगातार सामने आ रहे हैं, जबकि अतिवृष्टि ने पहले ही किसानों को तबाह कर दिया है। सरकार की लापरवाही के चलते किसान चारों तरफ से संकट में घिर चुका है।
किसान नेता ओम स्वामी ने कहा कि जब सरकार को यह भलीभांति ज्ञात है कि अब गेहूं की बुवाई का समय आ चुका है, तो पहले से डीएपी खाद की पर्याप्त व्यवस्था करना उसकी जिम्मेदारी थी। उन्होंने कहा कि यह अत्यंत शर्मनाक है कि करवा चौथ जैसे पर्व के दिन महिलाएं भी खाद की लाइनों में खड़ी रहीं और उन्हें भी पुलिस के दुर्व्यवहार का सामना करना पड़ा। ओम स्वामी ने कहा कि इस तरह की संवेदनहीन और किसान विरोधी सरकार पहले कभी नहीं रही। उन्होंने भादरा में हुए लाठीचार्ज की कड़ी निंदा करते हुए चेतावनी दी कि अगर दोषियों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।