हनुमानगढ़। टाउन के गुरुद्वारा शहीद बाबा सुखा सिंह, बाबा महताब सिंह जी निहंग सिंह छावनी बुढ़ा दल, हनुमानगढ़ टाउन में जोड़ मेले के उपलक्ष्य में चल रहे लड़ीवार अखंड पाठ के अंतर्गत आज पांच अखंड पाठों के भोग डाले गए तथा पांच नए अखंड पाठों का प्रकाश किया गया। अखंड पाठों के भोग डालवाने वाले परिवारों को गुरुघर की ओर से बाबा जग्गा सिंह ने सरोपा देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर हेड ग्रंथि भाई दयाल सिंह ने अरदास कर इलाके की सुख-शांति, खुशहाली और भाईचारे की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान सेवादार बाबा जोगा सिंह और बाबा जग्गा सिंह ने बताया कि यह वार्षिक शहीदी जोड़ मेला 09 सितंबर 2025 (भादो सुदी 25) को बड़े ही श्रद्धा और विश्वास के साथ मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह आयोजन शिरोमणी सेवा रतन, शिरोमणी पंथ रतन सिंह साहिब, बाबा बलबीर सिंह जी अकाली 96 करोड़ी, 14वें मुखी शिरोमणी पंथ अकाली बुढ़ा दल, पंजवा तख्त, चलदा वहींर, चक्रवर्ती निहंग सिंह, पंजाब भारत के सानिध्य में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी संपन्न होगा।
8 और 9 सितंबर को होंगे विशेष धार्मिक कार्यक्रम, अमृत संचार में शामिल होने की अपील
बाबा जोगा सिंह और बाबा जग्गा सिंह ने जानकारी दी कि 8 सितंबर 2025 की रात को खुले दीवान का आयोजन स्कूल ग्राउंड में किया जाएगा, जिसमें बाहर से पधारे हुए गुरज्ञानी और कथावाचक गुरु साहिबान के इतिहास का वर्णन करेंगे। अगले दिन 9 सितंबर को सुबह 10 बजे रखे गए लड़ीवार अखंड पाठों के भोग डाले जाएंगे। इसके उपरांत खुले दीवान सजाए जाएंगे तथा उसी दिन दोपहर 3 बजे अमृत संचार होगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों से निवेदन किया कि जो श्रद्धालु अमृत छकना चाहते हैं (गुरूवाले बनना चाहते हैं), वे 9 सितंबर को प्रातः स्नान कर दोपहर 2 बजे तक गुरुद्वारा में पहुंच जाएं। गुरुद्वारा परिसर में गुरु के लंगर हाल की कार सेवा निरंतर जारी है। आज अखंड पाठ के प्रकाश के उपरांत श्रद्धालुओं को गुरु का अटूट लंगर वरताया गया। कार्यक्रम में नगर व आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में संगत ने भाग लेकर गुरुघर से आशीर्वाद प्राप्त किया और धार्मिक वातावरण में श्रद्धा भाव से संगत का आनंद लिया।
ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































