विश्व हिंदी दिवस पर लायंस क्लब भटनेर ने आयोजित की हिंदी लेखन व पठन प्रतियोगिता

153

– डॉ. ज्योति यादव ‘हिंदी रत्न’ सम्मान से सम्मानित, पुस्तक का हुआ विमोचन
हनुमानगढ़। विश्व हिंदी दिवस के उपलक्ष में लायंस क्लब भटनेर द्वारा शनिवार को टाउन स्थित व्यापार मंडल बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में हिंदी लेखन एवं पठन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यालय की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी लेखन एवं वाचन कला का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में शिक्षा, साहित्य और समाज सेवा से जुड़े अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
आयोजन के मुख्य अतिथि व्यापार मंडल शिक्षा समिति के अध्यक्ष अजय सराफ, निदेशक प्यारेलाल गोयल, जॉनचेयरमैन महक गर्ग, वरिष्ठ साहित्यकार एवं वृक्ष मित्र नरेश मेंहन, संरक्षक दिवेश नागपाल तथा रोटरी क्लब विजन के अध्यक्ष आशीष गुप्ता थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता लायंस क्लब भटनेर के अध्यक्ष दिनेश गुप्ता ने की जबकि संचालन क्लब सचिव दिनेश अरोड़ा ने किया।
प्रतियोगिता में भाग लेने वाली छात्राओं ने हिंदी भाषा की समृद्ध परंपरा को प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। सचिव दिनेश अरोड़ा ने बताया कि विजेता छात्राओं को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त कार्यक्रम में हिंदी की व्याख्याता एवं लेखिका डॉ. ज्योति यादव को ‘हिंदी रत्न’ सम्मान से अलंकृत किया गया। इस अवसर पर उनकी पुस्तक का विमोचन भी किया गया, जिसे उपस्थित जनों ने सराहा।
वरिष्ठ साहित्यकार नरेश मेंहन ने कहा कि हिंदी हमारी आत्मा और संस्कृति की भाषा है। नई पीढ़ी को इसके संरक्षण और संवर्धन के लिए प्रेरित करना आवश्यक है। जॉन चेयरमैन महक गर्ग ने कहा कि प्रतियोगिता जैसे आयोजन छात्राओं में आत्मविश्वास और भाषा के प्रति लगाव बढ़ाते हैं। मुख्य अतिथि अजय सराफ ने हिंदी को राष्ट्र की पहचान बताते हुए कहा कि यह भाषा हमें एकता और संस्कार से जोड़ती है।
अध्यक्ष दिनेश गुप्ता ने कहा कि लायंस क्लब समाजोपयोगी गतिविधियों के साथ-साथ हिंदी जैसी समृद्ध भाषा को प्रोत्साहन देने के लिए सदैव तत्पर है। कार्यक्रम के अंत में छात्राओं ने ‘हिंदी हमारी पहचान’ विषय पर स्वरचित कविताएं और निबंध प्रस्तुत कर वातावरण को हिंदीमय बना दिया।
इस मौके पर क्लब सदस्य चंदन कंडा, विकास कामरा, लायन संतोष अरोड़ा, बालिका स्कूल प्रिंसिपल संजू गाड़ियां, कॉलेज प्रिंसिपल नीलम गोड़, वीएम पब्लिक स्कूल प्रिंसिपल किरण राठौड़, सहित अन्य सदस्य मौजूद थे।

पंचदूत अब व्हाट्सएप चैनल पर उपलब्ध है। लिंक पर क्लिक करें और अपने चैट पर पंचदूत की सभी ताज़ा खबरें पाएं।