आरसेटी में असिस्टेंट बुक कीपर प्रशिक्षण का सफल समापन

107

– 38 दिवसीय आवासीय शिविर में 25 महिलाओं ने सीखा कम्प्यूटर अकाउंटिंग व जीएसटी
हनुमानगढ़। ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) हनुमानगढ़ में असिस्टेंट बुक कीपर (कम्प्यूटर अकाउंटिंग) प्रशिक्षण कार्यक्रम का विधिवत समापन समारोह आयोजित किया गया। 38 दिवसीय इस आवासीय प्रशिक्षण शिविर में कुल 25 महिलाओं ने भाग लेकर व्यावसायिक एवं तकनीकी कौशल का प्रशिक्षण प्राप्त किया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को आधुनिक लेखांकन ज्ञान से जोड़कर उन्हें स्वरोजगार एवं रोजगार के लिए सक्षम बनाना रहा।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागी महिलाओं को बेसिक कम्प्यूटर, एमएस ऑफिस, एडवांस्ड एक्सेल, कम्प्यूटराइज्ड अकाउंटिंग, जीएसटी से जुड़े नियम-कानून, रिटर्न फाइलिंग, बिलिंग एवं व्यावहारिक लेखा-जोखा की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षकों द्वारा प्रशिक्षण को पूरी तरह व्यावहारिक रूप में संचालित किया गया, जिससे प्रशिक्षणार्थियों को वास्तविक कार्यस्थल की समझ विकसित हो सके। साथ ही महिलाओं को आत्मविश्वास, उद्यमिता एवं बैंकिंग प्रक्रियाओं की भी जानकारी दी गई।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि विधायक गणेशराज बंसल ने प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित करते हुए कहा कि “हाथ का हुनर कोई छीन नहीं सकता। आज के समय में कम्प्यूटर अकाउंटिंग और जीएसटी का ज्ञान रोजगार की असीम संभावनाएं प्रदान करता है।” उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार एवं एसबीआई द्वारा संचालित आरसेटी जैसे प्रशिक्षण कार्यक्रम महिलाओं और बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित हो रहे हैं। प्रशिक्षित महिलाएं न केवल स्वयं का रोजगार शुरू कर सकती हैं, बल्कि दूसरों को भी रोजगार देने में सक्षम बनेंगी, जिससे देश के आर्थिक विकास को मजबूती मिलेगी।
विशिष्ट अतिथि एसबीआई के एजीएम सुनील श्योराण ने कहा कि बैंकिंग क्षेत्र में प्रशिक्षित मानव संसाधन की निरंतर आवश्यकता रहती है। आरसेटी द्वारा दिए जा रहे ऐसे प्रशिक्षण युवाओं एवं महिलाओं को रोजगार से जोड़ने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। एलडीएम बलविन्द्र सिंह ने प्रशिक्षणार्थियों को निरंतर सीखते रहने एवं अपने कौशल को अपडेट करते रहने की सलाह दी।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।