– प्रभात फेरी, भव्य शोभायात्रा व विशाल भंडारे में श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
हनुमानगढ़। वाल्मीकि धर्मशाला मंदिर कमेटी की ओर से मंगलवार को भगवान वाल्मीकि जयंती हर्षोल्लास और धार्मिक श्रद्धा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर सुबह से ही मंदिर प्रांगण में भक्तों का आना-जाना शुरू हो गया था। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 5 बजे प्रभात फेरी से हुई। प्रभात फेरी वाल्मीकि मंदिर से रवाना होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः मंदिर प्रांगण में संपन्न हुई। इस दौरान श्रद्धालुओं ने भक्ति गीतों और जयकारों के साथ वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
प्रभात फेरी के बाद समिति सदस्यों और स्थानीय लोगों द्वारा बाल्मीकि चौक की साफ-सफाई की गई। इसके बाद मंदिर परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। भंडारे की शुरुआत पूर्व उपसभापति नगीना बाई, पार्षद गुरदीप सिंह बराड़ बब्बी, मंदिर कमेटी अध्यक्ष विनोद अठवाल तथा विनोद कांड ने भगवान वाल्मीकि को भोग लगाकर की। भोग के पश्चात श्रद्धालुओं में प्रसाद का वितरण किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।
मंदिर कमेटी अध्यक्ष विनोद अठवाल ने बताया कि समिति द्वारा प्रत्येक वर्ष भगवान वाल्मीकि जयंती पर भव्य शोभायात्रा निकाली जाती है और विशाल भंडारे का आयोजन किया जाता है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि समाज में एकता, सद्भावना और सहयोग की भावना को भी प्रोत्साहित करता है। अठवाल ने बताया कि समिति की ओर से क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली के लिए विशेष प्रार्थनाएं की गईं। उक्त आयोजन को सफल बनाने में पवन भाकर, राजकुमार, विक्की अठवाल, बलवंत सारवान, नवल किशोर, सनी कालड़ा, श्रवण चावरिया सहित अन्य पदाधिकारियो का सहयोग रहा। पूरे दिन मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। इस अवसर पर मंदिर को विशेष रूप से सजाया गया था। जयंती समारोह के सफल आयोजन के लिए मंदिर कमेटी के सदस्यों और स्वयंसेवकों ने विशेष भूमिका निभाई।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































