– महिलाओं को फैशियल और वैक्सिंग की आधुनिक विधियों से कराया गया रूबरू
हनुमानगढ़। ब्यूटी और स्किन केयर के क्षेत्र में हो रहे निरंतर नवाचारों से महिलाओं को परिचित कराने के उद्देश्य से रिचएलॉन द्वारा हनुमानगढ़ टाउन के अल्फा मार्केट में एक निशुल्क मास्टर क्लास का आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण सत्र ब्यूटी इंडस्ट्री में कार्यरत या इसमें रुचि रखने वाली महिलाओं के लिए आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया।
मास्टर क्लास की शुरुआत ब्यूटी रिद्धि सिद्धि के निदेशक आशीष बजाज ने दीप प्रज्वलित कर की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएं महिलाओं को न केवल आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा देती हैं, बल्कि उन्हें नए कौशल सीखने का अवसर भी प्रदान करती हैं। कार्यक्रम में ब्यूटी एक्सपर्ट श्रैया तंवर ने मुख्य प्रशिक्षक के रूप में भूमिका निभाई।
श्रैया तंवर ने प्रशिक्षण के दौरान फैशियल और वैक्सिंग की नई तकनीकों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आज के समय में पारंपरिक तरीकों के साथ-साथ हाईड्रा फैशियल, डर्माप्लानिंग, शुगर वैक्सिंग, और स्किन टाइप अनुसार वैक्सिंग जैसी नई विधियां काफी लोकप्रिय हो रही हैं। उन्होंने लाइव डेमो के माध्यम से प्रतिभागियों को इन तकनीकों का अभ्यास भी करवाया, जिससे उपस्थित महिलाओं को व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हुआ।
आयोजन समिति के सदस्य आशीष बजाज ने बताया कि यह क्लास पूरी तरह से निशुल्क थी, और इसका उद्देश्य महिलाओं को ब्यूटी क्षेत्र में हो रहे नवाचारों से अवगत कराना था। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस तरह की और मास्टर क्लासेज आयोजित की जाएंगी ताकि अधिक से अधिक महिलाएं लाभान्वित हो सकें। सभी लाभान्वित महिलाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में न केवल हनुमानगढ़ टाउन की महिलाएं, बल्कि आस-पास के क्षेत्रों से भी महिलाओं ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इससे उन्हें बहुत कुछ नया सीखने को मिला, जो उनके पेशेवर और व्यक्तिगत जीवन में उपयोगी रहेगा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































