– सर्वसम्मति से अशोक कुमार खत्री बने जिला अध्यक्ष, पूर्व अध्यक्ष आर.एल. कक्कड़ के कार्यकाल की हुई सराहना
हनुमानगढ़। राजस्थान पेंशनर समाज हनुमानगढ़ जंक्शन की आम सभा एवं कार्यकारिणी की बैठक बड़े उत्साह व गरिमामय वातावरण में आयोजित हुई। बैठक में संगठन के भावी दिशा-निर्देशों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान सर्वसम्मति से श्री अशोक कुमार खत्री को जिला अध्यक्ष घोषित किया गया। अशोक कुमार खत्री अब अपनी नई कार्यकारिणी का गठन बाद में करेंगे। उनकी नियुक्ति पर उपस्थित सदस्यों ने तालियों की गड़गड़ाहट और शुभकामनाओं के साथ स्वागत किया।
सभा में वक्ताओं ने संगठन के पूर्व अध्यक्ष श्री आर.एल. कक्कड़ के कार्यकाल की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि कक्कड़ ने अपने कार्यकाल में समाज को संगठित रखने, पेंशनरों की समस्याओं को उचित मंच तक पहुँचाने और संगठन को मजबूती प्रदान करने में अहम भूमिका निभाई। उनके नेतृत्व में समाज ने कई उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल कीं। वक्ताओं ने उनके समर्पण और सेवा भावना को प्रेरणास्रोत बताते हुए उनके योगदान को यादगार करार दिया।
नवनियुक्त जिला अध्यक्ष अशोक कुमार खत्री ने सदस्यों के विश्वास पर आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जिम्मेदारी उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने आश्वस्त किया कि वे संगठन की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए पेंशनरों के हितों की रक्षा और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। अशोक कुमार खत्री ने कहा कि समाज के सभी वरिष्ठजनों का मार्गदर्शन और सहयोग उनके लिए ऊर्जा का स्रोत रहेगा।
इस अवसर पर कई सदस्यों ने विचार प्रकट करते हुए संगठन की एकजुटता और सक्रियता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि पेंशनरों के हक और सम्मान की रक्षा के लिए संगठन की मजबूती जरूरी है और नए नेतृत्व से सभी को बड़ी उम्मीदें हैं। सभा को अरूण अरोड़ा संगरिया, जगदीश प्रसाद शर्मा नोहर, लीलूराम भादरा, पीलीबंगा से जगदीश बिश्नोई, रमेश रहेजा, भुपेन्द्र सुथार, रमेश दर्शन ने संबोधित किया।
ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































