– पीड़िता के परिजनों ने महिला थाना पहुंचकर पूर्व पार्षद विकास रांगेरा सहित कई आरोपियों के खिलाफ दर्ज कराया मुकदमा
हनुमानगढ़ । सुरेशिया क्षेत्र में नाबालिग पीड़िता के साथ छेड़छाड़, घर में घुसकर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर मामला सामने आया है। रविवार को पीड़िता के परिजन पूर्व पार्षद रमजान खान, राजेन्द्र चौधरी, सिंगाराम भाट व लड्डूराम के नेतृत्व में जंक्शन महिला थाना पहुंचे, जहां दोषियों के खिलाफ मामला दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की गई।
पुलिस को दी गई रिपोर्ट के अनुसार पीड़िता के पिता ने बताया कि 20 दिसंबर की रात करीब 11.50 बजे पूर्व पार्षद विकास रांगेरा, साहब राम बाजीगर, सुनील मोहिया, नंदू शर्मा सहित 2–3 अन्य लोग एक काले रंग की स्कोर्पियो गाड़ी से मौके पर पहुंचे। इनके साथ सरोज जाटनी, दिलीप, कृष्ण और पूनम भी पैदल आए। आरोप है कि कुछ लोग शोम मुनि के डेरे की दीवार कूदकर अंदर घुसे और सभी ने एकराय होकर पीड़िता के घर का गेट धक्का देकर घर में प्रवेश किया।
रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि विकास रांगेरा शराब के नशे में था और उसने नाबालिग पीड़िता के साथ अभद्रता करते हुए उसके कपड़े फाड़े तथा जबरन कमरे में ले जाने का प्रयास किया। वहीं साहब राम बाजीगर ने पीड़िता की वृद्ध परिजन को नीचे गिराकर उसके साथ मारपीट की और कपड़े फाड़ दिए। इस दौरान अन्य आरोपियों ने पीड़िता के पिता व उनके भाई के साथ लाठी-डंडों से बेरहमी से मारपीट की।
पीड़िता के पिता के अनुसार आरोपियों ने धमकी दी कि सुबह तक प्लॉट खाली नहीं किया तो जान से मार देंगे। परिवार के रोने-चिल्लाने की आवाज सुनकर पड़ोसी राजपाल, इमामू खान, पप्पूराम, जीतू, प्रभुराम और जाकिर सहित अन्य लोग मौके पर पहुंचे, जिन्होंने बीच-बचाव कर परिवार को आरोपियों से छुड़ाया। जाते समय विकास रांगेरा और साहब राम बाजीगर सहित अन्य आरोपियों ने दोबारा धमकी दी कि अगली बार पीड़िता को उठाकर ले जाएंगे।
घटना की सूचना पर जंक्शन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता व उसके परिवार को रात में ही महिला थाना भेजा गया। महिला थाना पुलिस ने पीड़िता के पिता की रिपोर्ट पर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न गंभीर धाराओं सहित पोक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक संतोष को सौंपी गई है और सीसीटीएनएस में एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































