“एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत 100 से अधिक पौधे लगाए

154

– शिक्षा विभाग व निजी शिक्षण संस्था संघ के संयुक्त तत्वावधान में पर्यावरण संरक्षण की पहल
हनुमानगढ़। राज्य सरकार द्वारा संचालित “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत शुक्रवार को हनुमानगढ़ में शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार निजी शिक्षण संस्था संघ द्वारा पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने हेतु पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन डीएवी स्कूल परिसर में किया गया, जहां स्कूली बच्चों की सक्रिय भागीदारी से 100 से अधिक पौधे लगाए गए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक) चानणराम भार्गव तथा प्रशासनिक अधिकारी ओम सैन रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता तहसील अध्यक्ष एवं कार्यक्रम संयोजक विजय सिंह चौहान ने की। इस अवसर पर पर्यावरण के महत्व और पौधारोपण की आवश्यकता पर विस्तार से विचार व्यक्त किए गए।
मुख्य अतिथि चानणराम भार्गव ने अपने संबोधन में कहा कि “एक पेड़ मां के नाम” अभियान न केवल पर्यावरण की दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि यह अभियान बच्चों में प्रकृति के प्रति सम्मान, संवेदना और कर्तव्यबोध की भावना भी जाग्रत करता है। उन्होंने बच्चों को प्रकृति का सच्चा मित्र बताते हुए आग्रह किया कि वे पौधों की नियमित देखभाल करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
तहसील अध्यक्ष विजय सिंह चौहान ने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन से बचाव के लिए वृक्षारोपण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने निजी स्कूलों की इस सहभागिता को सराहनीय कदम बताया और कहा कि यदि प्रत्येक बच्चा हर वर्ष एक पौधा लगाए और उसकी देखभाल करे, तो हरित क्रांति निश्चित रूप से सफल हो सकती है।

ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।