कर्मचारियों का 4 माह से वेतन बकाया, हड़ताल पर बैठे नगरपालिका कर्मचारी

42

– ठेकेदारों को भुगतान करने के आरोप में अधिशाषी अधिकारी के खिलाफ जिला कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
हनुमानगढ़। 
नगरपालिका पीलीबंगा के कर्मचारियों का वेतन पिछले चार माह से बकाया होने के कारण कर्मचारियों में भारी रोष व्याप्त है। कर्मचारियों ने अधिशाषी अधिकारी पर जानबूझकर वेतन रोकने का आरोप लगाते हुए जिला कलेक्टर को पूर्व नगरपालिका चेयरमैन हरजिंदर सिंह के नेतृत्व में ज्ञापन सौंपकर जल्द भुगतान करवाने की मांग की है।
ज्ञापन में कर्मचारियों ने बताया कि नगरपालिका पीलीबंगा में कार्यरत स्थायी व संविदा कर्मचारियों का मासिक वेतन पिछले चार महीनों से नहीं दिया गया है, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। कर्मचारियों का कहना है कि नगरपालिका के खाते में लगभग 90 लाख रुपये उपलब्ध होने के बावजूद अधिशाषी अधिकारी नरेन्द्र कुमार द्वारा कर्मचारियों का वेतन जारी नहीं किया जा रहा है। कर्मचारियों का आरोप है कि वेतन का भुगतान करने के बजाय अपने चहेते ठेकेदारों को भुगतान करने की तैयारी की जा रही है।
संविदा कर्मचारियों ने बताया कि उन्हें प्रतिमाह करीब 7800 रुपये वेतन मिलता है, जिससे उनके परिवार का पालन-पोषण होता है। चार महीने से वेतन नहीं मिलने के कारण कर्मचारियों को घर चलाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई कर्मचारियों की आर्थिक स्थिति इतनी खराब हो गई है कि उन्हें दैनिक खर्च चलाने में भी कठिनाई हो रही है।
वेतन नहीं मिलने से नाराज कर्मचारियों ने इसके विरोध में हड़ताल भी शुरू कर दी है। कर्मचारियों का कहना है कि कई बार नगरपालिका प्रशासन को इस संबंध में अवगत कराया गया, लेकिन इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि अधिशाषी अधिकारी द्वारा वेतन मद से छेड़छाड़ कर ठेकेदारों को भुगतान किया गया है, जिसकी निष्पक्ष जांच करवाई जानी चाहिए।
कर्मचारियों ने जिला कलेक्टर से मांग की है कि पूरे मामले की जांच करवाई जाए और कर्मचारियों का बकाया वेतन शीघ्र जारी करवाया जाए, ताकि उन्हें राहत मिल सके। साथ ही कर्मचारियों ने छुट्टी भत्ता और एरियर का भुगतान भी करवाने की मांग की है।
कर्मचारियों का कहना है कि यदि जल्द ही वेतन जारी नहीं किया गया तो वे आंदोलन को और तेज करने के लिए मजबूर होंगे। कर्मचारियों ने प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप कर उनकी समस्या का समाधान करने की मांग की है।
इस मोके पर कर्मचारी संघ अध्यक्ष सुरेश कुमार, उपाध्यक्ष सीमा, गीता देवी, कमलेश, विनोद कुमार, रामेष कुमार, गयात्री देवी व अन्य कर्मचारी मौजूद थे।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।