हनुमानगढ़ सीए ब्रांच में नेशनल सीए स्टूडेंट्स टैलेंट सर्च का सफल आयोजन

129

-शतरंज, म्यूजिक इंस्ट्रूमेंट और स्केच प्रतियोगिता में छात्रों ने दिखाया हुनर
हनुमानगढ़।
 इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) की हनुमानगढ़ सीए ब्रांच में नेशनल सीए स्टूडेंट्स टैलेंट सर्च का भव्य और सफल आयोजन किया गया। इस मौके पर विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिताओं में भाग लिया और सभी को प्रभावित किया।
कार्यक्रम के तहत शतरंज, म्यूजिक इंस्ट्रूमेंट और स्केच जैसी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। शतरंज प्रतियोगिता में राघव नारंग और माणिक ने उत्कृष्ट खेल कौशल का परिचय दिया। वहीं म्यूजिक इंस्ट्रूमेंट प्रतियोगिता में अनुरीत और उन्नति भारद्वाज ने अपनी प्रस्तुति से सभी का मन मोह लिया। स्केच प्रतियोगिता में अंकित सोनी और कविता ने अपनी कला को उकेरकर विशेष सराहना अर्जित की। इन प्रतियोगिताओं का उद्देश्य विद्यार्थियों की छुपी प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना और उनमें आत्मविश्वास को बढ़ाना रहा। कार्यक्रम के सफल आयोजन में सीए एसोसिएशन हनुमानगढ़ की टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा। अध्यक्ष ललित कुमार, उपाध्यक्ष हर्ष जिंदल, सचिव कमल जैन, कोषाध्यक्ष रमेश कुमार, सिकासा अध्यक्ष रमन गर्ग और कार्यकारी सदस्य यश संदीप मित्तल सहित अन्य सदस्यों ने अपनी सक्रिय भूमिका निभाई। इनके सहयोग और मार्गदर्शन से प्रतियोगिता को भव्य रूप मिला।
आयोजकों का कहना था कि चार्टर्ड अकाउंटेंसी की पढ़ाई के साथ-साथ विद्यार्थियों में मौजूद अन्य कलात्मक व बौद्धिक क्षमताओं को पहचानना और उन्हें आगे बढ़ाना बेहद जरूरी है। ऐसे आयोजनों से छात्रों का सर्वांगीण विकास होता है।
इस अवसर पर उपस्थित प्रतिभागियों, अभिभावकों और सदस्यों ने आयोजकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन न केवल विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को बढ़ाते हैं, बल्कि उन्हें नई ऊँचाइयों तक पहुंचने के लिए प्रेरित भी करते हैं।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।