जनसंख्या नियंत्रण कानून लागू करने की मांग को लेकर राष्ट्रीय हिन्दू फ्रंट का धरना प्रदर्शन

160

– प्रधानमंत्री के नाम कलेक्ट्रेट पर सौंपा ज्ञापन, जनसांख्यिकीय असंतुलन पर जताई गंभीर चिंता
हनुमानगढ़। देश में बढ़ती जनसंख्या और जनसांख्यिकीय असंतुलन की समस्या को लेकर राष्ट्रीय हिन्दू फ्रंट (जनसंख्या समाधान फाउंडेशन) के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार, 11 जुलाई 2025 को जिला मुख्यालय कलेक्ट्रेट पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व संगठन के जिलाध्यक्ष मदन पूनिया ने किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के नाम जिला कलेक्टर को एक ज्ञापन सौंपा जिसमें जनसंख्या नियंत्रण कानून, यूनिफॉर्म सिविल कोड (यूसीसी), एनआरसी और वक्फ बोर्ड को समाप्त करने की मांग की गई।
प्रदर्शनकारियों ने अपने ज्ञापन में देश में अंधाधुंध तरीके से बढ़ रही जनसंख्या को भारत और भारतीय संस्कृति के लिए खतरा बताते हुए कहा कि यह एक रणनीति के तहत किया जा रहा जनसांख्यिकीय असंतुलन है। उनका आरोप है कि एक वर्ग विशेष द्वारा जानबूझकर जनसंख्या वृद्धि को बढ़ावा दिया जा रहा है, जबकि सनातन समाज में एक संतान तक सीमित रहने की प्रवृत्ति बढ़ रही है, जिससे देश के विभिन्न भागों में 6 वर्ष से कम उम्र के बच्चों में संतुलन बिगड़ता दिखाई दे रहा है। संगठन का कहना है कि भारत पहले भी धार्मिक जनसंख्या असंतुलन के कारण विभाजन का दंश झेल चुका है और आज फिर वही स्थिति निर्मित हो रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते जनसंख्या नियंत्रण कानून लागू नहीं किया गया तो गृहयुद्ध जैसे हालात बन सकते हैं। कार्यकर्ताओं ने बताया कि विगत 12 वर्षों से जनसंख्या समाधान फाउंडेशन द्वारा देशभर में छोटे-बड़े हजारों धरने, रैलियां, सभाएं तथा सांसद संवाद आयोजित किए गए हैं। राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री सहित अनेक शीर्ष नेताओं को ज्ञापन भी दिए गए हैं। संगठन के अनुसार इस अभियान को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य व संगठन के संरक्षक डॉ. इन्द्रेश कुमार, केन्द्रीय मंत्री गिरिराज सिंह तथा 125 सांसदों का भी समर्थन प्राप्त है। जिलाध्यक्ष मदन पूनिया ने बताया कि संगठन न केवल जनसंख्या नियंत्रण कानून बल्कि समान नागरिक संहिता, एनआरसी और वक्फ बोर्ड समाप्त करने जैसी मांगों को लेकर निरंतर राष्ट्रव्यापी जनजागरण अभियान चला रहा है। कार्यकर्ताओं ने चेताया कि यदि सरकार ने शीघ्र इन मांगों पर ध्यान नहीं दिया तो आंदोलन को और अधिक व्यापक किया जाएगा। इस मौके पर मदन पूनियां, बलराम मान, दीपक खाती, परितोष सारस्वत , भुप सिंह जी वर्मा, मंजु देवी, हिम्मत सिंह, महेंद्र पूनियां, अमर जी पेंटर, केवल अग्रवाल, कुलवींद्र बराड़, अशोक बुनकर व अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।

ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।