हनुमानगढ़ स्थित पुलकित कॉलेज फॉर हायर एजुकेशन में आज राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) दिवस बड़े हर्षोल्लास और जोश के साथ मनाया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय परिसर देशभक्ति और समाज सेवा की भावना से गूंज उठा। संपूर्ण संकाय सदस्यों और विद्यार्थियों ने अनुशासन, निष्ठा और राष्ट्र निर्माण के प्रति अपनी अटूट प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य डॉ. चंद्रा गुरुनानी के प्रबोधन से हुआ। उन्होंने विद्यार्थियों को एनएसएस के आदर्श वाक्य “स्वयं से पहले आप” को जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया। उनके प्रेरक संबोधन ने विद्यार्थियों के हृदय में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार किया।
इसके उपरांत सभी स्वयंसेवकों ने समाज सेवा के प्रति शपथ ग्रहण कर राष्ट्रहित में कार्य करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर एनएसएस सहायक प्रभारी श्री मुकेश कुमार ने आगामी गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि महाविद्यालय इकाई द्वारा निकट भविष्य में वृक्षारोपण, स्वास्थ्य सेवा अभियान तथा ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता अभियान जैसे महत्वपूर्ण कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में विशेष रूप से श्री कुलदीप सिंह, श्री राजेंद्र सिंह, श्री सतीश कुमार, सुश्री प्रियंका, श्रीमती अल्का शर्मा सहित समस्त संकाय सदस्य मौजूद रहे। सभी ने मिलकर इस अवसर को यादगार बनाया।
राष्ट्रीय सेवा योजना दिवस का यह आयोजन महाविद्यालय के विद्यार्थियों के लिए न केवल समाज सेवा की भावना को प्रबल करने वाला रहा, बल्कि उनके जीवन में सेवा और समर्पण के नए आयाम भी जोड़ गया।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































