शहर के प्रतिष्ठित डॉक्टरों को मिला समाजसेवा के लिए विशेष सम्मान
हनुमानगढ़। राष्ट्रीय युवक परिषद द्वारा अबोहर रोड जंक्शन स्थित गोधाम गौशाला में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें शहर के दो प्रतिष्ठित डॉक्टरों को समाजसेवा एवं उत्कृष्ट चिकित्सा सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सिंचाई विभाग के मुख्य अभियंता प्रदीप रस्तोगी उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि की भूमिका प्रोफेसर टी.एस. रंधावा, डबली नायब तहसीलदार रणवीर जी, दुर्गा प्रसाद शर्मा, डॉक्टर अंकित गुप्ता एवं राजकुमार शर्मा ने निभाई। कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय युवक परिषद के जिलाध्यक्ष प्रवीण जैन ने की। कार्यक्रम की शुरुआत गौ माता को 11 क्विंटल हरा चारा अर्पित कर आशिर्वाद प्राप्त करने के साथ हुई। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष प्रवीण जैन ने बताया कि परिषद द्वारा शहर के लोगों के हित में सेवाएँ देने वाले प्रतिष्ठित चिकित्सकों का सम्मान किया जाता है। इसी क्रम में हिसारिया अस्पताल के शिशु रोग विशेषज्ञ डॉक्टर मदन पारीक तथा हृदय रोग विशेषज्ञ डॉक्टर अभिषेक सक्सेना को माल्यार्पण एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। उन्होंने कहा कि दोनों डॉक्टरों ने अपनी सेवाओं से शहर के नागरिकों को अत्यंत लाभान्वित किया है, जिसके लिए परिषद उनका अभिनंदन करती है।कार्यक्रम में भजन कार्यक्रम का विशेष आयोजन भी किया गया, जिसने पूरे वातावरण को भक्ति रस से सराबोर कर दिया। भजन प्रस्तुति देने वालों में गिरिराज शर्मा, शंकर सैनी, सीमा छाबड़ा, किशोरी जी और विनोद यादव शामिल थे, जिन्होंने अपनी सुरीली प्रस्तुति से उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। अतिथियों ने राष्ट्रीय युवक परिषद के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि हनुमानगढ़ क्षेत्र में परिषद द्वारा युवाओं को सामाजिक सेवा के प्रति जागरूक करने का उल्लेखनीय प्रयास किया जा रहा है। परिषद के सदस्यों की निष्ठा और सेवा भावना प्रशंसनीय है। कार्यक्रम में राष्ट्रीय युवक परिषद से जुड़े कई पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे, जिनमें रामगोपाल सेन, दुलीचंद कस्वा, कुरडाराम, पवन सोनी, संदीप गर्ग, गणेश स्वामी, सुभाष गोदारा, सुभाष बड़गुजर, जितेंद्र छाबड़ा, सुमित छाबड़ा, ज्योति छाबड़ा, वीरेंद्र जैन, महेंद्र स्वामी, छोटेलाल राही, सचिन त्यागी, दिनेश शर्मा, रवि भटनागर, हनुमान सिंह शेखावत, हरविंदर कौर एवं आशु सेन शामिल थे। सभी ने मिलकर कार्यक्रम को सफल बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































